Publish Date: Fri, 29 Jan 2021 (16:46 IST)
Updated Date: Fri, 29 Jan 2021 (16:49 IST)
सांकेतिक चित्र
आपने कई गुफाओं का दौरा किया होगा। भारत में ही कई खतरनाक गुफाएं मौजूद हैं परंतु रोचक रोमांचक के इस बार के एपिसोड में जानिए दुनिया की सबसे बड़ी और लंबी गुफा के बारे में। यह गुफा इतनी बड़ी है कि जिसे देखकर आप हैरान रह जाएंगे, क्योंकि इस गुफा के भीतर ही गुफाओं का जाल है। आओ जानते हैं कि यह गुफा कहां है और क्या है इसके राज।
कहते हैं कि वियतनाम की हांग सान दोंग नाम की ये गुफा दुनिया की सबसे बड़ी गुफा है। यह गुफा वियतनाम के क्वांग-विन्ह के फांग न्हा-के बंग नेशनल पार्क में मौजूद है। इसे वियतनाम की ग्रेट वॉल भी कहा जाता है। यह गुफा जंगलों के बीचोबीच स्थित है। 9 किमी लंबी, 200 मीटर चौड़ी और 150 मीटर ऊंची इस गुफा में जाना आपके जीवन का सबसे बड़ा रोमांच हो सकता है क्योंकि यह बड़ी ही नहीं रोमांचक भी है।
कार्बोनिफेरस और पर्मियन चूना पत्थरों से बनी ये गुफा 20 से 50 लाख साल पुरानी बताई जाती है और जिसके भीतर 150 गुफाओं का जाल बिछा हुआ है। इसके अंदर भूमिगत नदी और एक छोटासा जंगल भी है। इसमें गूंजने वाली हवा और आवाज गुफा द्वार तक सुनाई देती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस गुफा का अपना इको सिस्टम और पैटर्न है, जो बाहर की दुनिया से एकदम भिन्न है। कहते हैं कि इस गुफा में उड़ने वाली लोमड़ियां भी रहती हैं। यहां कई तरह के अन्य प्राणी भी निवास करते हैं इसीलिए यहां पर पर्यटकों को सावधानी से घूमना होता है।
गुफा की खोज स्थानीय युवक हो खानह ने 30 साल पहले 1991 में की थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे पहचान 2009 में एक ब्रिटिश केव रिसर्च एसोसिएशन ने फांग न्हा नेशनल पार्क का दौरा करने के बाद दिलाई थी। इस एसोसिएशन ने पहली बार दुनिया को इस गुफा की झलक दिखाई थी। इन्होंने गुफा में मौजूद 200 मीटर ऊंची दीवार को पार करके इसके अंदर आने-जाने के दो रास्तों का पता लगाया और जाना कि यहां पर सूरज की रोशनी भी पहुंचती है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटिश केव रिसर्च एसोसिएशन के साथ हो खानह भी गुफा में गए थे। शोधकर्ताओं ने उन्हें बताया कि यह दुनिया की सबसे बड़ी गुफा है।
इस रहस्यमयी गुफा को 8 साल पहले 2013 में जनता के लिए खोला गया था। हांग सान दोंग गुफा को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं। ऑक्सालिस ट्रैवल कंपनी द्वारा इस गुफा का संचालन किया जाता है। यदि आपका यहां जाने का विचार है तो सभी तरह की गाइडलाइन को जानकर ही यहां जाएं।