Publish Date: Sun, 11 Apr 2021 (08:14 IST)
Updated Date: Sun, 11 Apr 2021 (08:17 IST)
यांगून। म्यांमार के बागो में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को सैन्य तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले कम से कम 82 लोकतंत्र समर्थकों को मार डाला। यांगून से बागो करीब 100 किलोमीटर दूर है।
बागो शहर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में शुक्रवार को 82 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई। इससे पहले 14 मार्च को यांगून में 100 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
असिस्टेंस असोसिएशन फॉर पॉलिटिकल प्रिजनर्स द्वारा संकलित शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक मरने वालों की संख्या 82 है। यह संगठन मरने वालों और गिरफ्तार लोगों की दैनिक संख्या जारी करता है।
ये आंकड़े काफी व्यापक रूप से विश्वसनीय माने जाते हैं क्योंकि मौत के नए मामलों को तब तक शामिल नहीं किया जाता जब तक उनकी पुष्टि नहीं हो जाती और उनका विवरण वेबसाइट पर नहीं दे दिया जाता।
संगठन ने शनिवार की रिपोर्ट में कहा कि उसे बागो में मरने वालों की संख्या के और बढ़ने की आशंका है क्योंकि और मामलों का सत्यापन किया जाना बाकी है। ऑनलाइन समाचार वेबसाइट म्यांमार नाऊ ने भी 82 लोगों के मारे जाने की खबर दी है। (भाषा)