Monkey caused darkness in Sri Lanka: त्रेतायुग में रामभक्त हनुमान जी द्वारा लंका दहन की कहानी सभी को पता है, जब बजरंगी ने अपनी पूंछ से रावण की सोने की लंका को धू-धू कर जला दिया था और पूरे लंकावासी त्राहि-त्राहि कर उठे थे। इसी तरह की कहानी फिर अब कलयुग में दोहराई गई है। हालांकि इस बार किसी ने लंका को जलाया नहीं है, बल्कि पूरी लंका में अंधेरा कर दिया है। यह अंधेरा करने वाला कोई इंसान नहीं बल्कि एक वानर ही है।
क्या है पूरी घटना : श्रीलंका में पूरे देश में बिजली गुल होने का कारण एक बंदर को बताया गया है, जो कोलंबो के दक्षिण में स्थित एक पॉवर स्टेशन में घुस गया था। 'द गार्डियन' की खबर के अनुसार, यह ब्लैकआउट की यह घटना रविवार दोपहर के आसपास हुई। बिजली गुल होने की इस घटना के बाद कई लोग 30 डिग्री सेंट्रीग्रेड से अधिक तापमान में बिजली गुल रहने से परेशान हो गए। बताया जा रहा है कि तीन घंटे बाद ही कुछ इलाकों में बिजली की आपूर्ति बहाल हुई।
देश के ऊर्जा मंत्री कुमारा जयकोडी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि एक बंदर हमारे ग्रिड ट्रांसफॉर्मर के संपर्क में आ गया था, जिससे पॉवर सिस्टम में असंतुलन पैदा हो गया। उन्होंने कहा कि हमारे इंजीनियरों ने बिजली बहाल करने के लिए तेजी से काम किया और अस्पतालों और जल शोधन संयंत्रों जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई। श्रीलंका के स्थानीय समयानुसार यह घटना रविवार को सुबह 11.30 बजे हुई।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इस तरह लिए मजे : सोशल मीडिया पर श्रीलंकाई लोगों ने इस घटना को एक स्लैपस्टिक कॉमेडी जैसा बताया, जबकि कुछ ने श्रीलंका के पॉवर ग्रिड की नजाकत को रेखांकित किया। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा- एक बंदर = कुल अराजकता। समय है इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिर से विचार करने का? एक अन्य ने तंज करते हुए कहा- केवल श्रीलंका में एक बंदर पूरे देश की बिजली को बंद कर सकता है।
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका में पहले भी बिजली संकट उत्पन्न हो चुका है। 2022 में आर्थिक संकट के दौरान श्रीलंका को लंबे समय तक बिजली की कमी का सामना करना पड़ा था। इस दौरान ईंधन की कमी के कारण बिजलीघरों को प्रतिदिन 13 घंटे तक बिजली की कटौती करनी पड़ी थी। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
(फोटो : प्रतीकात्मक)