Publish Date: Sun, 03 Feb 2019 (12:54 IST)
Updated Date: Sun, 03 Feb 2019 (12:58 IST)
कैनबरा। ब्रिस्बेन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चाकू के दम पर एक महिला को आतंकित करने, बम होने की झूठी धमकी देने और हवाई अड्डे का परिचालन लगभग 2 घंटे के लिए बाधित करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने हवाई अड्डे पर आतंक मचाने वाले व्यक्ति को काबू में करने के लिए शनिवार देर रात उस पर रबर की गोलियां चलाईं और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना आतंकवाद से जुड़ी नहीं है। हवाई अड्डे ने बताया कि इस गतिरोध के चलते परिचालन कम से कम 3 घंटे तक प्रभावित रहा।
दरअसल, पूरी घटना टर्मिनल के फूड कोर्ट से शुरू हुई। यहां एक व्यक्ति ने एक महिला को चाकू दिखाया साथ ही मेज पर एक नकली बम रख दिया। घटना से आतंकित सैकड़ों लोग स्थान छोड़कर भाग गए थे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने नाइन नेटवर्क टेलीविजन से कहा कि महिला की चीख खून जमा देने वाली थी। पुलिस आयुक्त इयान स्टीवार्ट ने बताया कि आरोपी की पहली भाषा अरबी थी इसलिए उससे बातचीत करने के लिए अरबी भाषी की मदद ली गई। (भाषा)