Publish Date: Wed, 02 May 2018 (08:25 IST)
Updated Date: Wed, 02 May 2018 (08:28 IST)
कानो। नाइजीरिया के उत्तर - पूर्वी हिस्से में मंगलवार को एक मस्जिद और एक बाजार में हुए आत्मघाती बम धमाकों में 60 से अधिक लोग मारे गए। इन दो आत्मघाती हमलों में बोको हराम का हाथ जान पड़ता है।
ये धमाके एडमावा प्रांत की राजधानी योला से करीब 200 किलोमीटर दूर मुबी में दोपहर एक बजे के बाद हुए। बताया जाता है कि युवकों ने ये विस्फोट किए।
नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के इमाम गार्की ने बताया कि पुलिस और रेडक्रॉस के संयुक्त आकलन में पाया गया कि 26 लोग मारे गए हैं और 56 घायल हुए हैं। घायलों में से 11 की हालत नाजुक है।
मुबी जनरल हॉस्पीटल के एक मेडिकल सूत्र ने बताया कि अस्पताल में 37 शव लाए गए हैं जबकि राहत अभियान में लगे एक बचावकर्मी का कहना है कि उसने 42 शव और 68 घायलों को गिना है।
एक स्थानीय निवासी मुहम्मद हामिदू ने कहा, 'कब्रिस्तान छोड़ने से पहले मैंने 68 लोगों के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। वहां और शव परिवारों द्वारा लाए जा रहे हैं।' (भाषा)