Publish Date: Wed, 03 Jun 2020 (11:11 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2020 (11:18 IST)
बीजिंग। भारत-चीन सीमा विवाद में भले ही दोनों देश बातचीत के जरिये मामला सुलझाने कर दावा कर रहे हो लेकिन चीनी सेना ने रात के अंधेरे में युद्ध अभ्यास किया। इधर LAC पर भी दोनों सेनाएं सतर्क नजर आ रही है।
चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक चीन की सेना की तिब्बत कमांड ने ऊंचाई पर सैन्य अभ्यास किया है। रिपोर्ट के मुताबिक पीपुल्ज़ लिब्रेशन आर्मी (PLA) ने 4700 मीटर की ऊंचाई पर दुश्मन के क्षेत्र में घुसकर हमला करने का अभ्यास किया।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि रात में क़रीब एक बजे किए गए इस अभ्यास में मुश्किल वातावरण में अंधेरे में हमला करने का अभ्यास किया गया। इस दौरान सभी गाड़ियों ने अपनी लाइटें बंद रखीं और नाइट विजन डिवाइसेज के सहारे युद्ध लड़ने का अभ्यास किया गया। इस अभ्यास के बारे में चीन के सरकारी टीवी पर भी रिपोर्ट प्रसारित की गई।
इस बीच अब केंद्र सरकार ने पहली बार आधिकारिक तौर पर माना है कि चीनी सेना भारतीय क्षेत्र में घुस आई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्वी लद्दाख में चीनी सेना बड़ी तादाद में घुस गई है। अब भारत ने भी चीनी सेना से मोर्चा लेने के लिए सभी उपाय करने शुरू कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने से पूर्वी लद्दाख के पर्वतीय इलाकों में भारतीय और चीनी सेनाओं के बीच तनातनी जारी है। इस विवाद को सुलझाने के लिए सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर दोनों देशों के बीच चर्चा का दौर भी जारी है।
webdunia
Publish Date: Wed, 03 Jun 2020 (11:11 IST)
Updated Date: Wed, 03 Jun 2020 (11:18 IST)