Publish Date: Tue, 14 Jul 2020 (15:05 IST)
Updated Date: Tue, 14 Jul 2020 (19:47 IST)
धूमकेतु नियोवाइज जिसे धूमकेतु C/2020 F3 के नाम से भी जाना जाता है, भारत में आज से 20 दिनों तक सूर्यास्त के बाद 20 मिनट के लिए खुली आंखों से दिखाई देगा। यह दुर्लभ धूमकेतु धरती पर 6 हजार साल बाद दिखाई देगा।
ओडिशा के पठानी सामंत तारामंडल के वैज्ञानिकों के अनुसार, यह धूमकेतु 14 जुलाई से शाम से भारत में नजर आएगा। शाम के समय यह धूमकेतु आसमान में और ऊपर की ओर चढ़ेगा और लंबे समय तक दिखाई देगा। इसे दूरबीन की मदद से आसानी से देखा जा सकता है।
30 जुलाई के आसपास इसे 40 डिग्री की ऊंचाई पर सप्तऋर्षि मंडल के पास देखा जाएगा। जुलाई के बाद यह बहुत तेजी से गायब हो जाएगा और खुली आंखों से दिखाई नहीं देगा। हालांकि, इसे दूरबीन या स्पेस दूरबीन की मदद से देखा जा सकेगा।
इस धूमकेतु को नासा ने मार्च में खोजा था। यह धूमकेतु 22 जुलाई को पृथ्वी के सबसे पास 10.3 करोड़ किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। धीरे-धीरे यह सौरमंडल से बाहर निकल जाएगा।
चित्र सौजन्य : ट्विटर/नासा