Publish Date: Fri, 25 Jan 2019 (23:15 IST)
Updated Date: Fri, 25 Jan 2019 (23:19 IST)
जकार्ता। इंडोनेशिया में बाढ़, भूस्खलन और चक्रवात से मची तबाही से अब तक 59 लोगों की मौत हो गई हैं। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
आपदा प्रबंधन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि बचावकर्मी लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं और लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतोपो पूरवो नुग्रोहो ने मंगलवार को बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण एक बांध टूट गया जिसकी वजह से दक्षिण सुलावेसी प्रांत में कुल 13 जिले पानी में डूब गए और लगभग 25 लोग लापता हो गए और 47 अन्य लोग घायल हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्राकृतिक आपदा से अनेक घरों, भवन और छह सरकारी भवनों के नष्ट होने की वजह से 3,481 लोगों को अपने घर से भागने और शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
एजेंसी के अनुसार बाढ़ का पानी कई प्रभावित क्षेत्रों में कम हुआ है लेकिन फिर भी बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पंहुचा रहे हैं। आपदा प्रभावित पीड़ितों को वित्तीय मदद तंबू, खाना और हर संभव राहत सामग्री मुहैया कराई जा रही है। (वार्ता)