Publish Date: Tue, 10 May 2022 (18:35 IST)
Updated Date: Tue, 10 May 2022 (18:42 IST)
लॉस एंजिल्स। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के इंसाइट लैंडर ने मंगल ग्रह पर भूकंप के झटकों का पता लगाया है। नासा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार इंसाइट लैंडर ने मंगल ग्रह की अपनी यात्रा के 1222वें मंगल दिन पर 4 मई 2022 को 5 की तीव्रता के भूकंप के झटकों का पता लगाया। इंसाइट लैंडर के मंगल की सतह पर उतरने के बाद नवंबर 2018 से अब तक इनसाइट ने मंगल की सतह पर 1313 भूकंपों का पता लगाया है।
मंगल ग्रह की गहरी कोर के अध्ययन के लिए इंसाइट पर बेहद संवेदनशील भूकंपमापी लगाए गए हैं। ये भूकंपीय तरंगें मंगल ग्रह की सतह, मेंटल और कोर से होकर परिवर्तित होगी और विभिन्न परतों से गुजरने के दौरान इनमें परिवर्तन भी आएगा जिसका अध्ययन कर भूकंप विज्ञानी मंगल ग्रह की सतह के नीचे की परतों की गहराई और हर एक का कंपोजिशन जान सकेंगे।
नासा की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मंगल ग्रह की संरचना को जानकर वैज्ञानिक धरती और उसके चांद सहित दुनियाभर में चट्टानों के बनने की प्रक्रिया को जान पाएंगे।