Publish Date: Fri, 18 Oct 2019 (16:54 IST)
Updated Date: Fri, 18 Oct 2019 (17:45 IST)
टोकियो। जापान सरकार ने शुक्रवार को सम्राट नारूहितो के राज्याभिषेक समारोह के मौके पर लगभग 5,50,000 कैदियों को क्षमा करते हुए उन्हें रिहा करने का फैसला लिया।
एनएचके ब्रॉडकास्टर ने कहा कि क्षमा केवल उन कैदियों को दी जाएगी, जो मामूली अपराधों के दोषी पाए गए हैं और जेल की सजा काट चुके हैं या जुर्माना अदा कर चुके हैं। इन लोगों के सामाजिक सुदृढ़ीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए उनके दंड को निरस्त करने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा लंबी जेल की सजा काट रहे 1,000 और कैदियों को गंभीर बीमारियों के कारण मानवीय आधार पर क्षमा किया जाएगा।
जापान के सम्राट अकिहितो (85) ने अप्रैल के अंत में उम्र और बिगड़ते स्वास्थ्य के कारण आधिकारिक तौर पर अपने शासन का उत्तराधिकारी अपने पुत्र नारुहितो (59) को घोषित कर दिया था। नारुहितो के राज्याभिषेक समारोह की तिथि 22 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
इससे पहले जापान सरकार ने विनाशकारी तूफान हगिबिस के मद्देनजर राज्याभिषेक समारोह को स्थगित कर दिया था। गौरतलब है कि इस भयंकर तूफान की चपेट में आकर कम से कम 77 लोगों की मौत हो चुकी है।
webdunia
Publish Date: Fri, 18 Oct 2019 (16:54 IST)
Updated Date: Fri, 18 Oct 2019 (17:45 IST)