Publish Date: Sun, 03 Jul 2016 (11:23 IST)
Updated Date: Sun, 03 Jul 2016 (11:32 IST)
इस्लामाबाद। पाकिस्तान में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के चित्राल जिले में आई भीषण बाढ़ के कारण 30 लोगों की मौत हो गई, 35 अन्य घायल हो गए तथा बड़ी संख्या में लोग लापता हैं।
पाकिस्तानी अखबार 'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से रविवार को बताया कि बाढ़ की चपेट में आकर 30 लोगों की मौत हो गई है। बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं।
चित्राल के मेयर मगफिरत हुसैन ने बताया कि बाढ़ के कारण शनिवार रात एक मस्जिद और 30 से अधिक मकान बह गए। मरने वालों में मस्जिद में नमाज अदा करने आए 10 लोग भी शामिल हैं।
चित्राल नदी में बाढ़ आने के कारण आसपास के सभी इलाकों में पानी भर गया है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं, लेकिन भारी बारिश जारी रहने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के प्रमुख इमरान खान ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने सरकार से इस तरह की घटनाओं से होने वाले नुकसान को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। (वार्ता)