Publish Date: Sat, 30 Sep 2017 (23:36 IST)
Updated Date: Sat, 30 Sep 2017 (23:39 IST)
जोहान्सबर्ग। अपनी पत्नी की हत्या के आरोप का सामना कर रहे भारतीय मूल के 30 वर्षीय पेशेवर किक-बॉक्सर को अपनी मां की हत्या के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल मोआथे नगोअपे ने मीडिया को यहां बताया कि जांच के बाद रमीज पटेल को कल गिरफ्तार कर लिया गया और सोमवार को उसे पोलोकवने मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा।
पटेल की मां महजीन बानो पटेल को उनके घर में गोली मार दी गई थी। उनकी एक पखवाड़े पहले एक अस्पताल में मौत हो गई थी। रमीज की पत्नी फातिमा की अप्रैल 2015 में हत्या के बाद महजीन उसके तीनों बेटों की देखभाल कर रही थी।
किक बॉक्सर ने आरोप लगाया कि घर में जबरन घुसकर लोगों ने उसकी मां की हत्या कर दी लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस के जासूसों ने उसकी कहानी में अंतर पाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। (भाषा)