Publish Date: Thu, 02 Nov 2017 (10:46 IST)
Updated Date: Thu, 02 Nov 2017 (10:49 IST)
वाशिंगटन। उत्तर कोरिया के प्रशासन में कभी महत्वपूर्ण पद पर रह चुके एक पूर्व अधिकारी ने अमेरिकी कांग्रेस को बताया है कि बढ़ते घरेलू विद्रोह से किम जोंग-उन का शासन अधिक दिन नहीं चल सकता और वह सत्ता से बेदखल हो सकते हैं। उन्होंने सैन्य दखल के नतीजों को लेकर आगाह भी किया।
थाई योंग-हो कभी किम जोंग-उन शासन में शीर्ष पद पर रह चुके उन अधिकारियों में से एक हैं जिन्होंने हालिया वर्षों में उत्तर कोरिया के शासक का साथ छोड़ दिया है।
उत्तर कोरिया के परमाणु एवं मिसाइल परीक्षणों को लेकर उसके और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच थाई ने अमेरिका की प्रतिनिधि सभा में विदेश मामलों की समिति के समक्ष अपनी बात रखी। उनका अधिकतर बयान इसी बात पर केंद्रित था कि से वर्ष 2011 में तत्कालीन शासक किम जोंग-द्वितीय के निधन के बाद किम सत्ता में आए और फिर उनके देश में किस तरह के बदलाव आए।
ब्रिटेन में पूर्व उप राजदूत रहे थाई योंग हो वर्ष 2016 में दक्षिण कोरिया चले गये थे। उन्होंने कहा, 'धरातल पर किम जोंग-उन अपने आतंक के शासन के माध्यम से अपनी शक्ति को संगठित करते प्रतीत हो रहे हैं जबकि इसके साथ ही उत्तर कोरिया के अंदर भारी और अप्रत्याशित बदलाव भी हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुक्त व्यापार फल-फूल रहा है। अधिक से अधिक लोग मुक्त एवं पूंजीवादी शैली के बाजार का इस्तेमाल कर रहे हैं। सरकारी सामाजिक आर्थिक प्रणाली अब लगभग भुला दी गई है। थाई ने कहा कि देश के कल्याणकारी तंत्र बर्बाद हो गये हैं तथा रिश्वतखोरी एवं सरकारी संपत्तियों का गबन आम हो गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया सरकारी प्रचार की परवाह नहीं करता लेकिन वहां अवैध रूप से दक्षिण कोरियाई फिल्मों एवं नाटकों को आयात किया जाता है। थाई ने दलील दी कि ये बदलाव उत्तर कोरिया में बढ़ते संभावित गृह युद्ध के बारे में सोचने पर विवश करते हैं क्योंकि अब अधिकतर लोग हकीकत को धीरे धीरे जानने लगे हैं और उनके सब्र का बांध टूट सकता है। (भाषा)