Publish Date: Sat, 02 Jun 2018 (10:28 IST)
Updated Date: Sat, 02 Jun 2018 (10:35 IST)
सिंगापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री गोह चोक टोंग के साथ महात्मा गांधी पट्टिका का अनावरण किया।
सिंगापुर के क्लिफोर्ड पियर में 1948 में महात्मा गांधी की अस्थियों को जिस स्थान पर विसर्जित किया गया था, वहीं इस पट्टिका का अनावरण किया गया है। मोदी तीन दिवसीय दौरे पर सिंगापुर में हैं और यह दौरा अपने अंतिम चरण में हैं।
मोदी ने ट्वीट किया, 'सिंगापुर के क्लिफोर्ड पियर में मैने और पूर्व प्रधानमंत्री गोह चोक टोंग ने एक पट्टिका का उस जगह पर अनावरण किया है जहां महात्मा गांधी की अस्थियों को विसर्जित किया गया था। ”
उन्होंने कहा, 'बापू के संदेश विश्वभर में गुंजायमान हैं। उनके विचार और आदर्श हमें मानवता के लिए ज्यादा काम करने की दिशा में प्रेरित करते हैं।'
गौरतलब है कि 1948 में महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद उनकी अस्थियों को भारत और सिंगापुर समेत विश्व के कई हिस्सों में विसर्जित किया गया था। (भाषा)