Publish Date: Mon, 18 Jun 2018 (21:48 IST)
Updated Date: Mon, 18 Jun 2018 (22:25 IST)
टोरंटो। वैज्ञानिकों ने मच्छरों की संख्या को कम करने के लिए एक नया कीटनाशकमुक्त तरीका निकाला है। इसके तहत भूखी मछलियों को उन जलों में रखा जाता है, जहां मच्छर अपने अंडे देते हैं।
कनाडा में वाटरलू विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि भूखी मछलियां मच्छरों का लार्वा खाती हैं। इससे मच्छरों की संख्या कम करने में मदद मिलती है। एक अनुसंधानकर्ता ब्रैड फेडी ने कहा कि मच्छरों की संख्या पर नियंत्रण करने का सबसे अच्छा तरीका लार्वा स्तर पर ही उन्हें खत्म करने का है।
अभी तक इसके लिए लार्वासाइड का इस्तेमाल होता रहा है। इस कीटनाशक का पारिस्थितिकी तंत्र पर भी बुरा असर होता है। फेडी ने कहा कि मच्छरों की समस्या का समाधान मछलियों से करना बेहद लाभकारी है। इसमें ज्यादा खर्चा भी नहीं है और यह पर्यावरण के भी अनुकूल है। (भाषा)