Publish Date: Sat, 18 Oct 2025 (00:59 IST)
Updated Date: Sat, 18 Oct 2025 (01:02 IST)
Pakistan Taliban war: पाकिस्तान और तालिबान के बीच चल रही जंग के बीच पाकिस्तान पर आरोप है कि उसने सीजफायर का उल्लंघन कर अफगानिस्तान की सीमा में हवाई हमले किए। इस हमले पाकिस्तान ने महिलाओं और बच्चों को निशाना बनाया। साथ ही पक्तिका प्रांत में बमबारी कर घरों को तबाह कर दिया। इससे नाराज होकर अफगानी सेना पाकिस्तानी सेना पर जवाबी हमले किए। कहा जा रहा है कि पाकिस्तान के हमले में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों समेत आम लोगों की मौत हुई है।
इससे पहले पाकिस्तानी मीडिया ने दावा किया था कि सीजफायर को दोहा में प्रस्तावित वार्ता तक बढ़ा दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद पाकिस्तानी सेना ने अफगानी सीमा में हवाई कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका-दक्षिण वजीरिस्तान बॉर्डर पर तीन स्थानों पर ड्रोन हमले किए। टोलो न्यूज के मुताबिक, इनमें से एक हमला आम नागरिकों के घर पर और दो हमले अफगान तालिबान के सैन्य ठिकानों पर किए गए हैं।
संघर्ष में दर्जनों लोगों की मौत : इससे पहले पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 48 घंटे के संघर्षविराम को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी थी। यह अस्थायी युद्धविराम दोहा में वार्ता के नतीजे आने तक जारी रहने वाला था। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल दोहा पहुंच चुका है। उल्लेखनीय है कि डूरंड लाइन पर पिछले कुछ दिनों से तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच खूनी संघर्ष जारी है। एक सप्ताह में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हुए हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala