Publish Date: Fri, 10 Sep 2021 (22:12 IST)
Updated Date: Fri, 10 Sep 2021 (22:13 IST)
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने शुक्रवार को कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा मान्यता प्राप्त कोविड-19 टीके की दोनों खुराक लेने वाले 15 देशों के वे लोग 12 सितंबर से यूएई लौट सकते हैं, जिनके पास वैध वीजा है।
राष्ट्रीय आपातकालीन संकट और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NCEMA) ने टि्वटर पर एक आधिकारिक बयान साझा करते हुए कहा कि जो लोग लौट सकते हैं उनमें वे भी शामिल हैं जो छह महीने से अधिक समय तक विदेश में रहे।
वक्तव्य के मुताबिक, यूएई 12 सितंबर, 2021 से डब्ल्यूएचओ द्वारा मान्यता प्राप्त कोविड-19 टीके की दोनों खुराक लेने वाले उन लोगों को लौटने की अनुमति देता है जिनके पास वैध वीजा है। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो छह महीने से अधिक समय तक विदेश में रहे थे।
यूएई के इस फैसले से भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, वियतनाम, नामीबिया, जाम्बिया, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, युगांडा, सिएरा लियोन, लाइबेरिया, दक्षिण अफ्रीका, नाइजीरिया और अफगानिस्तान से आने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
आगमन आवश्यकताओं के बारे में विवरण देते हुए, यूएई ने कहा कि यात्री संघीय पहचान और नागरिकता प्राधिकरण (आईसीए) की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यूएई पहुंचने पर यात्रियों को आरटी-पीसीआर जांच की निगेटिव रिपोर्ट भी दिखानी होगी। कोविड-19 की मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से जांच रवाना होने के 48 घंटे के भीतर की जानी चाहिए। 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों को इस प्रक्रिया से छूट प्रदान की जाएगी।