Publish Date: Sun, 29 Jan 2017 (21:40 IST)
Updated Date: Sun, 29 Jan 2017 (21:43 IST)
वॉशिंगटन। सात मुस्लिम बाहुल्य देशों के लोगों पर अमेरिका आने पर रोक लगाए जाने के बाद इन देशों के विमान चालकों का भी प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ (आईएटीए) ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अमेरिकी कस्टम एवं सीमा संरक्षा (सीबीपी) ने बताया कि ईरान, इराक, लीबिया, सोमालिया, सूडान, सीरिया और यमन के नागरिकों और विमान चालकों के अमेरिका में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सात देशों के वीजाधारी यात्रियों के अमेरिका प्रवेश पर 90 दिनों के लिए रोक लगा दी है। हालांकि आईएटीए का कहना है कि अमेरिका में कानूनी रूप से स्थाई निवासी अथवा ग्रीन कार्डधारक प्रतिबंध के दायरे में शामिल नहीं हैं। (वार्ता)