यूक्रेन की इमारत पर रूसी ड्रोन का हमला, 4 लोगों की मौत
रूस-यूक्रेन युद्ध को अगले महीने 3 वर्ष पूरे होने वाले हैं और इसके समाप्त होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार इस संघर्ष में अब तक 10,000 से अधिक यूक्रेनी नागरिक मारे जा चुके हैं।
Publish Date: Thu, 30 Jan 2025 (16:19 IST)
Updated Date: Thu, 30 Jan 2025 (16:24 IST)
Russian drone attacks Ukraine building: पूर्वोत्तर यूक्रेन (Ukraine) में एक इमारत पर रूसी ड्रोन (Russian drone) के हमले में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य लोग घायल हुए। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सुमी क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार एक 'शाहिद' ड्रोन ने बुधवार देर रात 1 बजे के बाद सुमी शहर की इमारत की दीवार और आसपास की खिड़कियां उड़ा दीं।
प्रशासन ने बताया कि मलबे से 4 लोगों को जीवित बाहर निकाला गया। घायलों में एक बच्चा भी शामिल है। कुल 120 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले को 'भयानक त्रासदी, एक भयानक रूसी अपराध' बताया।
ALSO READ: ट्रंप ने बताया OPIC कैसे खत्म कर सकता है रूस यूक्रेन युद्ध?
रूस-यूक्रेन युद्ध को अगले महीने 3 वर्ष पूरे होने वाले हैं : रूस-यूक्रेन युद्ध को अगले महीने 3 वर्ष पूरे होने वाले हैं और इसके समाप्त होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार इस संघर्ष में अब तक 10,000 से अधिक यूक्रेनी नागरिक मारे जा चुके हैं। रूसी हमलों ने यूक्रेन के बिजली ग्रिड को भी नुकसान पहुंचाया है।
ALSO READ: यूक्रेन पर रूस की जीत से NATO की विश्वसनीयता पर प्रतिकूल पड़ने की आशंका
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने रातभर में 80 से अधिक ड्रोन दागे। उसने कहा कि अधिकतर ड्रोन को या तो मार गिराया गया या 'इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग' से निष्क्रिय कर दिया गया। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह कीपर ने 'टेलीग्राम' पर लिखा कि यूक्रेन के दक्षिणी ओडेसा क्षेत्र में रूसी ड्रोन हमले से एक अस्पताल और 2 रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा। इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta