Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

श्रीलंकाई नौसेना ने 32 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, तमिलनाडु के CM स्टालिन ने केंद्र से की यह अपील

Advertiesment
हमें फॉलो करें श्रीलंकाई नौसेना ने 32 भारतीय मछुआरों को किया गिरफ्तार, तमिलनाडु के CM स्टालिन ने केंद्र से की यह अपील

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

कोलंबो/ चेन्‍नई , रविवार, 23 फ़रवरी 2025 (23:40 IST)
Indian fishermen arrested : श्रीलंकाई अधिकारियों ने द्वीप राष्ट्र के जलक्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में रविवार को 32 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया और मछली पकड़ने वाली उनकी 5 नौकाएं जब्त कर लीं। श्रीलंकाई नौसेना ने एक बयान में कहा कि इन लोगों को मन्नार के उत्तर में समुद्री क्षेत्र में एक विशेष अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी की घटनाओं में वृद्धि को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने केंद्र से इस मुद्दे का स्थाई समाधान निकालने के लिए संयुक्त कार्य समूह का तुरंत गठन करने का रविवार को आग्रह किया।
 
बयान में कहा गया, मछली पकड़ने वाली पांच भारतीय नौकाओं को जब्त कर लिया गया और 32 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया गया। नौसेना ने कहा कि गिरफ्तार मछुआरों और उनकी नौकाओं को तलाईमन्नार पियर लाया गया, जहां उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए मन्नार के मत्स्य निरीक्षक को सौंप दिया जाएगा।
बयान के अनुसार, नौसेना ने इस वर्ष अब तक 131 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया है और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने वाली 18 नौकाओं को जब्त किया है। मछुआरों का मुद्दा भारत और श्रीलंका के बीच एक विवादास्पद मुद्दा रहा है। श्रीलंकाई नौसेना के कर्मियों ने पाक जलडमरूमध्य क्षेत्र में भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी भी की है और श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने की कई कथित घटनाओं में उनकी नौकाओं को जब्त कर लिया है। 
webdunia
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने जताई चिंता : श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी की घटनाओं में वृद्धि को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने केंद्र से इस मुद्दे का स्थाई समाधान निकालने के लिए संयुक्त कार्य समूह का तुरंत गठन करने का रविवार को आग्रह किया।
 
मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को पत्र लिखकर श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 32 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिए जाने और पांच नौकाओं को जब्त किए जाने की घटना की जानकारी दी। स्टालिन ने अपने पत्र में कहा, मैं यह पत्र गहरी पीड़ा के साथ लिख रहा हूं क्योंकि हाल के दिनों में श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों को पकड़ने की घटनाओं की संख्या में चिंताजनक वृद्धि हुई है।
 
नवीनतम घटना में, 23 फरवरी 2025 को श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 32 मछुआरों को उनकी पांच नौकाओं के साथ पकड़ लिया गया... ये मछुआरे 22 फरवरी 2025 को रामेश्वरम बंदरगाह से मछली पकड़ने के लिए निकले थे। उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा तमिलनाडु के मछुआरों को बड़ी संख्या में हिरासत में लेने का सिलसिला जारी है, जबकि उन्होंने कोलंबो से ऐसी गिरफ्तारियों को रोकने के लिए बार-बार अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक आठ अलग-अलग घटनाओं में श्रीलंकाई नौसेना ने 119 मछुआरों को पकड़ा है और 16 नौकाओं को जब्त किया है।
उन्होंने कहा, इसलिए, मैं एक बार फिर अपने इस अनुरोध को दोहराता हूं कि लंबित मुद्दे का स्थाई समाधान खोजने के लिए संयुक्त कार्य समूह का तुरंत गठन किया जाए। यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि इन आशंकाओं के कारण हमारे मछुआरों के परिवारों की आजीविका गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि हमारे मछुआरों की गिरफ्तारी को रोकने के लिए मजबूत कूटनीतिक प्रयास करें और जल्द से जल्द श्रीलंकाई अधिकारियों से सभी गिरफ्तार मछुआरों की रिहाई सुनिश्चित करें। (इनपुट भाषा) (File photo) 
Edited By : Chetan Gour

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

PM मोदी बोले- धार्मिक मान्यताओं का मजाक उड़ाते हैं गुलाम मानसिकता वाले लोग