Publish Date: Thu, 24 Sep 2020 (02:25 IST)
Updated Date: Thu, 24 Sep 2020 (02:28 IST)
File Photo : MS Dhoni
शारजाह। चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मंगलवार को आईपीएल (IPL 2020) मैच में जो कुछ हुआ, उसकी कल्पना ख्वाब में भी किसी ने नहीं की थी। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने मैच में जो बेईमानी की, उस पर कोई विश्वास नहीं कर रहा कि क्या 'केप्टन कूल' के नाम से दुनियाभर में मशहूर माही ऐसा भी कर सकते हैं? इस बेईमानी से धोनी की प्रतिष्ठा दागदार हो रही है...
आखिर धोनी ने बखेड़ा क्यों खड़ा किया : असल में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान स्टीव स्मिथ और टॉम कुरेन चेन्नई के धुरंधर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहे थे। मैच में 17 ओवर में राजस्थान की टीम 176 रन बनाकर सुखद स्थिति में थी। दीपक चाहर के 18वें ओवर में यह सब तमाशा हुआ। इस ओवर में टॉम कुरेन का कैच विकेट के पीछे धोनी लपक चुके थे और मैदानी अंपायर ने शम्सुददीन उन्हें आउट दे चुके थे। लेकिन बाद में थर्ड अंपायर ने कुरेन को नॉट आऊट करार दिया।
18वें ओवर में हुआ बड़ा विवाद : 18वें ओवर में चाहर की पहली 4 गेंदों में सिर्फ 3 रन बने थे। पांचवीं गेंद को कुरेन पुल करने गए। गेंद विकेट के पीछे गई थी, जहां धोनी ने इसे लपक लिया और कैच आउट की जोरदार अपील की और शम्सुददीन ने कुरेन को आउट भी दे दिया।अंपायर के फैसले से कुरेन संतुष्ट नहीं थे।
तीसरे अंपायर ने पकड़ी बेईमानी : चूंकि राजस्थान के पास कोई रिव्यू नहीं बचा था, लिहाजा कुरेन अंपायर का फैसला आउट जानकर झल्लाते हुए पैवेलियन लौटने लगे लेकिन तभी लेग अंपायर विनीत कुलकर्णी से बात करने के बाद शम्सुददीन को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने तीसरे अंपायर से मदद मांगी। इसके बाद धोनी निराशा में अंपायर से बात करते हुई दिखाई दिए गए। टेलीविजन रीप्ले में दिखा की गेंद धोनी के दस्तानों में जाने से पहले टप्पा खा चुकी थी। तीसरे अंपायर ने मैदानी अंपायर का फैसला बदल दिया। फैसला बदले जाने से धोनी नाराज दिखाई दिए जबकि कुरेन फिर से बल्लेबाजी करने पहुंच गए।
धोनी की पत्नी साक्षी ने जाहिर किया गुस्सा : अंपायर्स का मन बदलने से ना सिर्फ धोनी बल्कि उनकी पत्नी साक्षी भी गुस्सा हुईं। साक्षी ने अपनी नारजगी में ट्वीट किया, ‘अगर आप टेक्नालॉजी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसे सही तरीके से करिए। आउट तो आउट है भले ही वह कैच हो या LBW।’ हालांकि साक्षी ने बाद में अपना ट्वीट डिलीट कर लिया।
धोनी की छवि खराब हुई : देश और दुनिया में महेंद्र सिंह धोनी के करोड़ों फैंस हैं। वे सभी केप्टन कूल की बेईमानी से हतप्रभ हैं। किसी को भरोसा ही नहीं हो रहा है कि उनके हीरो ने मैदान पर इस तरह की हरकत की है। सनद रहे कि पिछले साल जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही धोनी ने कमर से ऊपर फुलटॉस गेंद को नो बॉल नहीं दिए जाने के बाद मैदानी अंपायर उल्हास गंधे के खिलाफ आपा खोया था। इस दौरान धोनी ने मैदान में घुसकर अंपायर से बहस कर खिलाड़ियों की आचार संहिता का उल्लंघन किया था।
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें