Publish Date: Tue, 03 Nov 2020 (15:24 IST)
Updated Date: Tue, 03 Nov 2020 (15:28 IST)
अबू धाबी। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर आईपीएल में अपनी टीम की लगातार 4 हार के बाद शानदार वापसी से बेहद उत्साहित हैं और उनको विश्वास है कि पहले क्वालीफायर में वे मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस को हराने में सफल रहेंगे।
दिल्ली कैपिटल्स ने सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर पर 6 विकेट की आसान जीत से शीर्ष 2 में जगह बनाई। फाइनल में पहुंचने के लिए उसे अब गुरुवार को मुंबई को हराना होगा। अय्यर ने कहा कि मुंबई इंडियंस सर्वश्रेष्ठ टीमों में से एक है। लेकिन मैं यह भी कहूंगा कि हमारे पास भी निर्भीक और बेहतरीन खिलाड़ियों की टीम है।
उन्होंने कहा कि यह वास्तव में उस दिन के प्रदर्शन पर निर्भर करता है। वे इस तरह (फाइनल्स) के चरण में खेलने के बेहद अनुभवी हैं लेकिन मैच के दिन जिस टीम का दृष्टिकोण बेहतर रहता है और जो अच्छा प्रदर्शन करती है, वह आगे बढ़ने में सफल रहेगी। अय्यर ने कहा कि मुंबई के खिलाफ दुबई में होने वाले मुकाबले में सहजता से दबाव का सामना करना महत्वपूर्ण होगा।
उन्होंने कहा कि हमें दबाव की परिस्थितियों में चीजों को जटिल नहीं बल्कि सरल बनाए रखना होगा। हम जिस तरह से आगे बढ़ रहे थे, यह वास्तव में अच्छी जीत रही और इससे हमारा काफी मनोबल बढ़ेगा। लगातार 4 हार के बाद यह जीत हमारे लिए आवश्यक थी। मैं अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से वास्तव में खुश हूं। (भाषा)