Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हराया

हमें फॉलो करें IPL 2021 : दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से हराया
, सोमवार, 3 मई 2021 (00:05 IST)
अहमदाबाद। मयंक अग्रवाल की नाबाद 99 रन की पारी आखिर में शिखर धवन के नाबाद 69 रन के सामने फीकी पड़ गई जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने रविवार को यहां पंजाब किंग्स को 14 गेंद शेष रहते हुए 7 विकेट से हराकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
 
अग्रवाल ने शुरू से एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 58 गेंदों का सामना करके 8 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी पराक्रमी पारी के दम पर पंजाब अंतिम 6 ओवरों में 76 रन और कुल 6 विकेट पर 166 रन बनाने में सफल रहा। धवन ने हालांकि पृथ्वी शॉ (22 गेंदों पर 39 रन, 3 चौके, 3 छक्के) के साथ मिलकर दिल्ली को फिर से अच्छी शुरुआत दिलाई। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आखिर तक एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 47 गेंदों का सामना करके 6 चौके और 2 छक्के लगाए। इससे दिल्ली ने 17.4 ओवर में 3 विकेट पर 167 रन बनाकर अपनी 6ठी जीत दर्ज की।
 
इसे जीत से दिल्ली के 8 मैचों में 12 अंक हो गए हैं और वह चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गया है। दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था लेकिन उसके सलामी बल्लेबाज विशेषकर शॉ शुरू से हावी हो गए।पंजाब के मुख्य गेंदबाज मोहम्मद शमी पर छक्का और 2 चौके जड़कर उन्होंने अपने इरादे जतला दिए थे। 
पॉवरप्ले का आखिरी ओवर करने के लिए उतरे क्रिस जोर्डन को भी शॉ ने यही सबक सिखाया जिससे दिल्ली पहले 6 ओवरों में ही 63 रन तक पहुंच गया। हरप्रीत बरार ने हालांकि इसके तुरंत बाद खूबसूरत गेंद पर शॉ का मिडिल स्टंप थर्राकर पंजाब को बड़ी राहत दिलाई।
 
धवन और स्टीवन स्मिथ (22 गेंदों पर 25) ने इसके बाद स्ट्राइक रोटेट करके स्कोर बोर्ड को गतिमान रखा। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़े। स्मिथ ने रिले मेरेडिथ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर खड़े डाविड मलान को आसान कैच थमाया जिससे यह साझेदारी टूटी। धवन ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना 44वां अर्द्धशतक पूरा किया। शमी अपना अगला स्पैल करने आए तो ऋषभ पंत (14) ने छक्के से उनका स्वागत किया। पंत ढीला शॉट खेलकर पैवेलियन लौट गए लेकिन शिमरोन हेटमायर (4 गेंदों पर नाबाद 16) ने मेरेडिथ के अगले ओवर में लगातार 2 छक्के और चौका लगाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।
 
इससे पहले पंजाब किंग्स को शीर्ष क्रम में राहुल की कमी खली। राहुल अपेंडिसाइटिस के कारण अगले कुछ मैचों में टीम की अगुवाई नहीं कर पाएंगे। कैगिसो रबाडा (36 रन देकर 3 विकेट) ने इसका फायदा उठाकर पहले प्रभसिमरन सिंह (16 गेंदों पर 12) और फिर उनका स्थान लेने के लिए उतरे क्रिस गेल (9 गेंदों पर 13) को आउट कर दिया। पंजाब पॉवरप्ले में 2 विकेट पर 39 रन ही बना पाया। रबाडा की तेज गति की गेंद ने गेल का मिडिल स्टंप थर्राकर इन दोनों महारथियों के बीच जंग में बाजी मारी।
 
अगवाल और आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे डाविड मलान पर दिल्ली के स्पिनरों अक्षर पटेल और ललित यादव ने लगाम लगाए रखी। निकालेस पूरण की जगह टीम में लिए दुनिया के नंबर 1 टी-20 बल्लेबाज मलान केवल 26 रन बना पाए। उन्होंने ईशांत शर्मा पर छक्का लगाया लेकिन अक्षर पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। अग्रवाल और मलान ने तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े।
 
दीपक हुड्डा (1) गफलत में रन आउट हो गए जिससे पंजाब की परेशानी बढ़ गई। पंजाब का स्कोर 14वें ओवर तक 4 विकेट पर 90 रन था। इसके बाद अग्रवाल ने अपना असली जलवा दिखाया। उन्होंने रबाडा पर मिडविकेट पर छक्का लगाया और फिर ईशांत की गेंद चौके के लिए भेजकर अपना अर्द्धशतक पूरा किया।

ईशांत ने अपना पहला ओवर मेडन किया था लेकिन अग्रवाल ने उनके इस ओवर में छक्का भी लगार उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया। उन्होंने अक्षर पर भी लगातार 2 चौके लगाए जिन्होंने 4 ओवर में 21 रन देकर 1 विकेट लिया। अग्रवाल को शतक पूरा करने के लिए अवेश खान की पारी की अंतिम गेंद पर छक्के की जरूरत थी लेकिन वह चौका ही लगा पाए। इससे पहले की 2 गेंदों पर उन्होंने चौका और छक्का लगाया था। वह आईपीएल में 6ठे बल्लेबाज हैं जिनकी पारी 99 रन पर समाप्त हुई। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

IPL 2021 : जोस बटलर का शानदार शतक, राजस्थान ने हैदराबाद को 55 रनों से हराया