Publish Date: Thu, 30 Sep 2021 (20:30 IST)
Updated Date: Thu, 30 Sep 2021 (22:41 IST)
डेविड वॉर्नर की जगह सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से सलामी बल्लेबाजी करने उतरे जेसन रॉय ने पिछले मैच में ही अपनी फ्रैंचाइजी के लिए धमाकेदार डेब्यू किया था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 42 गेंदो में 60 रन बनाए थे जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था।
ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सामने उनको सस्ते में निपटाने की चुनौती थी क्योंकि साल 2019 के वनडे विश्वकप में भी धोनी ने कोहली को रॉय को रोकने की सलाह दी थी। लगातार गेंदबाजी बदली थी लेकिन रॉय के अर्धशतक को नहीं रोक पाए थे। हालांकि आज उनकी बनाई योजना काम आयी।
जोश हेजलवुड को थमाई गेंद
यह बात विश्वक्रिकेट में सर्वविदित है कि इंग्लैंड के बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के गेंदाबाजों को अपना विकेट नहीं देना चाहते। 2019 वनडे विश्वकप सेमीफाइनल मेंं भी जब जेसन रॉय को अंपायर ने गलत आउट दे दिया था और रॉय अपने शतक से चूक गए थे तो वह बड़बड़ाते हुए बाहर निकले थे। काफी देर तक वह ड्रेसिंग रूम में अधीर हो रहे थे।
इस कारण महेंद्र सिंह धोनी ने जोश हेजलवुड को गेंद थमाई। रॉय आक्रमक बल्लेबाज तो हैं ही लेकिन हेजलवुड के खिलाफ ज्यादा आक्रमक होंगे यह धोनी को अंदाजा था। इस योजना के फेल होने की भी संभावना थी। ऐसा भी हो सकता था कि जेसन रॉय एक बार फिर तूफानी शुरुआत दे दें।
लेकिन महेंद्र सिंह धोनी जो सोचते हैं मैदान पर वैसा ही होता है। जोश हेजलवुड की एक अंदर आती हुई गेंद पर जेसन रॉय आगे बढ़े और उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए गेंद विकेट के पीछे खड़े महेंद्र सिंह धोनी के ग्लब्स में जाकर समा गई। सनराइजर्स हैदराबाद की एकमात्र उम्मीद जेसन रॉय सिर्फ 7 गेंदो में 2 रन बनाकर चलते बने।