Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

माही मैजिक से जीती चेन्नई, IPL 2022 में लगातार सातवां मैच हारी मुंबई

हमें फॉलो करें माही मैजिक से जीती चेन्नई, IPL 2022 में लगातार सातवां मैच हारी मुंबई
, गुरुवार, 21 अप्रैल 2022 (23:27 IST)
महेंद्र सिंह धोनी ने आज भी बता दिया कि वह फिनिशर है। अंतिम गेंद पर जीत के लिए जरूरी 4 रन मारने के बाद उन्होंने एक कांटे के मैच में चेन्नई को मुंबई पर 3 विकेट से जीत दर्ज करवा दी।पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपना पुराना रूप दिखाते हुए नाबाद 28 रन ठोककर चेन्नई सुपरकिंग्स को आईपीएल मुकाबले में गुरूवार को मुम्बई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट से जीत दिला दी जबकि मुम्बई को लगातार सातवीं हार का सामना करना पड़ा।

मुम्बई ने खौफनाक शुरुआत करने के बावजूद तिलक वर्मा की नाबाद 51 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट पर 155 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया लेकिन चेन्नई ने 20 ओवर में सात विकेट पर 156 रन बनाकर जबरदस्त जीत अपने नाम की। धोनी ने जयदेव उनादकट की पारी की आखिरी गेंद पर विजयी चौका मारा। धोनी ने 13 गेंदों पर नाबाद 28 रन में तीन चौके और एक छक्का लगाया। चेन्नई की टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत रही।

ऐसा रहा अंतिम ओवर का रोमांच

लक्ष्य का पीछा करते हुए मैच उस समय बहुत रोमांचक हो गया जब आखिरी ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे। आखिरी ओवर में गेंद जयदेव उनादकट के हाथों में थी और सामने थे ड्वेन प्रिटोरियस। प्रिटोरियस पहली गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। दूसरी गेंद पर ड्वेन ब्रावो ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर धोनी ने सीधे छक्का मार दिया। अब तीन गेंदों पर 10 रन रह गए। चौथी गेंद पर धोनी ने चौका मार दिया। पांचवीं गेंद पर धोनी ने दो रन लिए। धोनी ने आखिरी गेंद पर विजयी चौका मारकर मैच समाप्त कर दिया। प्रिटोरियस ने 14 गेंदों पर 22 रन में दो चौके और एक छक्का लगाया।
webdunia

रोबिन उथप्पा ने 30 रन और अम्बाती रायुडू ने 35 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 40 रन बनाये। शिवम् दुबे ने 13 और मिशेल सेंटनर ने 11 रन बनाये। चेन्नई के सात मैचों में दूसरी जीत के बाद चार अंक हो गए हैं लेकिन वह अभी भी नौंवें स्थान पर है।

इससे पहले तिलक ने 43 गेंदों की अपनी पारी में तीन चौके और दो छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने 21 गेंदों पर 32 रन, ऋतिक शौकीन ने 25 गेंदों पर 25 रन और कीरोन पोलार्ड ने नौ गेंदों पर 14 रन बनाये।
इससे पहले चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। मुकेश चौधरी ने पहले ही ओवर में मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा और ईशान किशन को शून्य पर चलता कर दिया। डेवाल्ड ब्रेविस चार रन बनाकर तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर चौधरी का तीसरा शिकार बने। लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक बनाकर मुम्बई को संभाला। चेन्नई के फील्डरों ने कुल चार कैच टपकाये जिससे मुम्बई चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंच सकी।

चेन्नई की तरफ से मुकेश चौधरी ने तीन ओवर में 19 रन देकर तीन विकेट झटके। ड्वेन ब्रावो को 36 रन पर दो विकेट मिले।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

तिलक वर्मा के अर्धशतक के कारण 155 रनों तक पहुंची मुंबई इंडियन्स