Publish Date: Tue, 16 May 2023 (13:44 IST)
Updated Date: Tue, 16 May 2023 (13:53 IST)
मुंबई इंडियन्स को मंगलवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ एक अहम मैच खेलना है। लेकिन उससे पहले टीम के लिए एक बुरी खबर आई है। टीम के ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर को कुत्ते ने काट लिया है। इस कारण से वह फिटनेस की समस्या से जूझ रहे हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अर्जुन तेंदलुकर लखनऊ के गेंदबाज युधवीर सिंह से बातचीत कर रहे हैं। इस वीडियो में उऩ्होंने बताया कि 13 मई को एक कुत्ते ने उनको काट लिया था जिसके कारण वह नेट्स में गेंदबाजी भी नहीं कर पा रहे हैं।
अर्जुन तेंदुलकर के लिए यह आईपीएल खास रहा है। 2 सत्र और 30 मैचों के इंतजार के बाद कोलकाता के खिलाफ उनका डेब्यू हुआ। इसके अगले मैच में उन्होंने भुवनेश्वकर कुमार को आउट करके अपना पहला विकेट कमाया।
पंजाब किंग्स के खिलाफ भी उन्होंने एक यॉर्कर लेंग्थ की गेंद पर सिमरन सिंह को आउट कर सुर्खियां बटोरी लेकिन इसके बाद 16वें ओवर में उनको यह समझ आ गया कि क्रिकेट में लाल कालीन हमेशा बिछी नहीं रहती। इस ओवर में अर्जुन ने 31 रन लुटाए। यह इस सत्र का संयुक्त सबसे महंगा ओवर था।
इससे पहले इतना महंगा ओवर गुजरात के यश दयाल ने किया था जिसमें रिंकू सिंह ने उनकी 5 गेंदो पर 5 छक्के जड़े थे। इस ओवर के कारण उनका कुल गेंदबाजी आंकड़ा 3 ओवर में 48 रन हो गया।22 अप्रैल के बाद फिर वह एक बार भी मुंबई टीम में वापस नहीं चुने गए।
मुंबई इंडियंस के गेंदबाजी कोच शेन बॉन्ड ने कहा है कि वह अर्जुन तेंदुलकर की गेंदों की गति बढ़ाने पर काम करेंगे जो अभी लगभग 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं।