Publish Date: Fri, 19 Apr 2024 (17:10 IST)
Updated Date: Fri, 19 Apr 2024 (17:39 IST)
IPL 2024 की शुरुआत में औरेंज कैप हासिल करने वाले सैम करन अभी पंजाब के अस्थायी कप्तान हैं। हालांकि वह जल्द ही पंजाब के स्थायी कप्तान बन सकते हैं क्योंकि शिखर धवन चोटिल हैं और फ्रैंचाइजी सूत्रों की मानें तो पंजाब किंग्स उनसे आगे की देखना चाहता है।
शिखर धवन की बल्लेबाजी अभी भी अपेक्षा अनुसार है लेकिन कप्तानी नहीं। यूं तो सैम करन की कप्तानी में भी पंजाब किंग्स पिछले 2 मैच हारा है लेकिन दोनों ही मैचों में टीम ने लड़ाई लड़ी थी। ऐसा माना जा रहा है कि जब शिखर धवन लौटेंगे तो शायद कप्तानी सैम करन के पास ही रहेगी और शिखर धवन सिर्फ एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर टीम में खेलेंगे।
धवन का IPL 2024 में बल्ले से प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। लेकिन इसके बावजूद वह पांच पारियों में 125.61 के स्ट्राइक रेट से 152 रन बनाकर पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
साल 2023 में रिकॉर्ड 18.5 करोड़ रुपए में खरीदे गए सैम करन के पास गेंदबाजी और बल्लेबाजी का अच्छा खासा अनुभव है। हालांकि वह यह अतिरिक्त जिम्मेदारी उठा पाएंगे या नहीं इस बारे में फ्रैंचाइजी उनसे जरूर बात करेंगे।