Publish Date: Tue, 19 Dec 2017 (16:14 IST)
Updated Date: Tue, 19 Dec 2017 (16:16 IST)
रिलायंस जियो ने माय जियो एप में एक वॉइस असिस्टेंट जोड़ दिया है। हैलोजियो नाम के इस नए वॉयस असिस्टेंट को माय जियो एंड्रॉयड एप में सबसे ऊपर दाएं कोने पर दिए माइक ऑइकन के जरिए एक्सेस किया जा सकता है। एप में दिए गए फ़ीचर को चलाने के लिए इस असिस्टेंट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
नए फंक्शन को सबसे पहले टेलीकॉम टॉक ने सार्वजनिक किया। खबरों के मुताबिक हैलो जियो वॉइस असिस्टेंट का इस्तेमाल हिन्दी और अंग्रेज़ी दोनों भाषाओं के लिए कर सकते हैं। गूगल प्ले पर दिए चेंजलॉग में इस नए फीचर की जानकारी लिस्ट नहीं की गई है। लेटेस्ट बीडा बिल्ड होने के बावज़ूद हम इस फ़ीचर को इस्तेमाल नहीं कर पाए। इससे संकेत मिलते हैं कि अभी फीचर के लिए अपडेट को चरणबद्ध तरीके से जारी किया जा रहा है।
जैसा कि हमने बताया कि शुरुआती यूज़र के मुताबिक हैलो जियो फीचर MyJio एप के होम स्क्रीन पर 'जियो एप्स' ऑइकन के पास सबसे ऊपर दाएं कोने में उपलब्ध है। माइक बटन पर क्लिक करने से आप हैलोजियो वॉइस असिस्टेंट के इंटरफेस पर पहुंच जाएंगे।
नया वॉइस असिस्टेंट कई तरह के काम कर सकता है। इनमें मोबाइल रीचार्ज, बिल भुगतान, म्यूज़िक और मूवी प्ले करना, जियो ऐप खोलना और कॉल करना शामिल हैं। इसके साथ ही आप जियो टैरिफ प्लान से जुड़े सवाल जैसे 'धन धना धन ऑफर क्या है' के जवाब पा सकते हैं।