5 people died after SUV fell into a ditch in Ramban: जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में एक निजी यात्री वाहन के सड़क से फिसलकर 600 फुट गहरी खाई में गिर जाने से 5 लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एसयूवी (SUV) (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) शुक्रवार देर रात उखराल पोगल परिस्तान क्षेत्र में सेनाबाथी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
ALSO READ: कर्नाटक में भीषण सड़क दुर्घटना, एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत
उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया और घायलों तथा पीड़ितों परिवारों को आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। रामबन के उपायुक्त मोहम्मद इलियास खान ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपए और घायल व्यक्ति को 25 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की है। उपायुक्त ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta