श्रीनगर में भीषण गर्मी की मार, टूट गया 57 साल का रिकॉर्ड
कोकरनाग और कांजीगुंड में भी रिकॉर्डतोड़ गर्मी, मौसम विभाग ने दी यह सलाह
Publish Date: Fri, 23 May 2025 (07:41 IST)
Updated Date: Fri, 23 May 2025 (08:01 IST)
Srinagar heat : जम्मू कश्मीर के श्रीनगर शहर में गुरुवार को 34.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक मई में श्रीनगर में गत 57 वर्षों के बाद सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। जम्मू में भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है। इस केंद्र शासित राज्य में लू के थपेड़े चल रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, मई में अब तक का सर्वाधिक तापमान 24 मई 1968 को 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मई में यह अब तक का तीसरा सबसे अधिक तापमान है। 31 मई 1956 को श्रीनगर में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। गुरुवार को दर्ज किया गया अधिकतम तापमान इस मौसम के औसत से नौ डिग्री अधिक था।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के कोकरनाग में मई में अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। गुरुवार को यहां 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले 15 मई 2001 में यहां सबसे अधिक 32.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। कांजीगुंड में तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 1956 के बाद से तीसरा सबसे अधिकतम तापमान है।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी जम्मू कश्मीर में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि यह कश्मीर में मई के लिए सामान्य मौसम नहीं है। लोगों को हाइड्रेटेड रहने, दोपहर में सीधे धूप में जाने से बचने और हीटवेव से बचने की सलाह दी गई है।
edited by : Nrapendra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें