Publish Date: Wed, 13 Oct 2021 (16:54 IST)
Updated Date: Wed, 13 Oct 2021 (16:58 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में तेजी के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 63 रुपए की तेजी के साथ 46,329 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 46,266 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
वहीं चांदी की कीमत भी 371 रुपए की तेजी के साथ 60,788 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 60,417 रुपए प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,768 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 22.80 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि बुधवार को न्यूयॉर्क स्थित जिंस एक्सचेंज कॉमेक्स में सोने की हाजिर कीमत 0.46 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,768 डॉलर प्रति औंस हो गई जिससे सोने की कीमतों में मजबूती आई।