Publish Date: Thu, 01 Nov 2018 (17:20 IST)
Updated Date: Thu, 01 Nov 2018 (17:21 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में आई तेजी के बीच त्योहारी मांग बरकरार रहने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 130 रुपए चमककर कई साल के उच्चतम स्तर 32,780 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान औद्योगिक मांग में आई नरमी से चांदी 90 रुपए उतरकर 39,110 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से वैश्विक बाजार में निवेशकों का रुझान पीली धातु में बढ़ा। लंदन का सोना हाजिर 6.75 डॉलर चमककर 1,222.50 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इसी तरह दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 9.70 डॉलर की बढ़त में 1,224.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर करीब 16 माह के उच्चतम स्तर पर था, लेकिन आज इसके लुढ़कने से पीली धातु की चमक तेज हो गई है। घरेलू बाजार में धनतेरस से पहले सर्राफा कारोबारी अपना स्टॉक बढ़ा रहे हैं, जिससे सोने की मांग बढ़ गई है। इस दौरान चांदी 0.13 डॉलर की तेजी में 14.39 डॉलर प्रति औंस बोली गई। (वार्ता)