Publish Date: Tue, 25 Jun 2019 (17:47 IST)
Updated Date: Tue, 25 Jun 2019 (17:50 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु के 6 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचने से दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोना 200 रुपए चमककर 4 महीने के उच्चतम स्तर 34,470 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी भी 110 रुपए की बढ़त से 4 महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की बढ़त जारी रही। लंदन में सोना हाजिर 7.60 डॉलर की तेजी के साथ 1,430.35 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। एक समय यह 1,438.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था, जो 6 साल का उच्चतम स्तर है। भविष्य में कीमतें और बढ़ने की उम्मीद में अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 15.40 डॉलर की बढ़त से 1,433.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी भू-राजनीतिक तनाव से सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का आकर्षण बढ़ा है। साथ ही दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में गिरावट से भी सोने की चमक तेज हुई है। विदेशों में चांदी हाजिर भी 0.03 डॉलर की बढ़त में 15.41 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
webdunia
Publish Date: Tue, 25 Jun 2019 (17:47 IST)
Updated Date: Tue, 25 Jun 2019 (17:50 IST)