Publish Date: Fri, 24 Jan 2020 (17:12 IST)
Updated Date: Fri, 24 Jan 2020 (17:15 IST)
नई दिल्ली। विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में नरमी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में आज लगातार दूसरे दिन इनमें तेजी देखी गई। सोना 80 रुपए चमककर 41,450 रुपए प्रति 10 ग्राम पर और चांदी 154 रुपए की बढ़त में 47,460 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 0.75 डॉलर की गिरावट में 1,559.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। फरवरी का अमेरिकी सोना वायदा 7 डॉलर लुढ़ककर 1,558.40 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी भी 0.05 डॉलर टूटकर 17.79 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि चीन में फैले नोवेल कोरोना वायरस को विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा वैश्विक महामारी घोषित न करने से एशियाई शेयर बाजारों में आज तेजी लौट आई। निवेशकों ने पूंजी बाजार में जोखिम उठाने का साहस दिखाया। इससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने का आकर्षण कम हुआ और इसकी कीमतों में नरमी देखी गई।