Publish Date: Tue, 18 Jul 2017 (23:44 IST)
Updated Date: Tue, 18 Jul 2017 (23:48 IST)
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में स्थित उथली खदानों से प्राप्त 218 नग हीरो की नीलामी कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित हीरा कार्यालय में की जाएगी। इच्छुक बोलीदार 5 हजार रुपए की अमानत राशि जमा करके बोली में भाग ले सकते हैं। उच्चतम बोली वाले बोलीदार को अंतिम निर्णय के तुरंत बाद नीलामी राशि का 20 प्रतिशत तत्काल जमा करना होगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर जेपी आईरीन सिंथिया ने बताया कि नीलामी 25 जुलाई से प्रारंभ होकर कुल हीरो की नीलामी पूर्ण होने तक शासकीय अवकाश को छोड़कर चालू रहेगा। प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक हीरो का निरीक्षण किया जाएगा, तत्पश्चात उनकी बोली की जाएगी। इसमें उज्जवल, मैले एवं औद्योगिक किस्म के लगभग 218 हीरे जिनका कुल वजन लगभग 189.68 कैरेट तथा अनुमानित राशि 44 लाख 13 हजार 762 रुपए लगभग है, नीलामी में रखे जाएंगे।
इसके अतिरिक्त छोटे-बडे किस्म के अनेक हीरों, जिनका वजन कुछ सेंट से कैरेट है, नीलामी में रखे जाएंगे। इच्छुक बोलीदार 5 हजार रुपए की अमानत राशि जमा करके बोली में भाग ले सकते हैं। उच्चतम बोली वाले बोलीदार को अंतिम निर्णय के तुरंत बाद नीलामी राशि का 20 प्रतिशत तत्काल जमा करना होगा। शेष राशि 30 दिन में जमा करना अनिवार्य होगी। (वार्ता)