Publish Date: Mon, 27 Sep 2021 (18:21 IST)
Updated Date: Mon, 27 Sep 2021 (18:22 IST)
नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के साथ राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 35 रुपए की मामूली बढ़त के साथ 45 हजार 110 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी।
इससे पिछले कारोबारी सत्र में सोना 45,075 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमत सोमवार के कारोबार में 383 रुपए चढ़कर 59 हजार 138 रुपए प्रति किलो पर बंद हुई। पिछले कारोबारी सत्र में यह 58 हजार 755 रुपए प्रति किलो के भाव पर रही थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना तेजी के साथ 1,755 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 22.60 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल ने कहा कि चीन के एवरग्रांडे ऋण संकट को लेकर बढ़ी चिंता के बीच सोने की कीमत में तेजी दिखी।