Publish Date: Mon, 16 Dec 2024 (22:51 IST)
Updated Date: Mon, 16 Dec 2024 (22:59 IST)
Gold imports News : देश में सोने का आयात नवंबर में 4 गुना होकर 14.86 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। मुख्य रूप से त्योहारी और शादी-विवाह की मांग के कारण सोने का आयात बढ़ा है। इसके अलावा वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण संपत्ति विविधीकरण के लिए सोने की खरीद, बैंकों की बढ़ती मांग और सीमा शुल्क में कटौती के चलते भी इस कीमती धातु की चमक बढ़ी है। देश के कुल आयात में इस कीमती धातु का हिस्सा 5 प्रतिशत से अधिक है। इस साल अब तक सोने की कीमतें 23 प्रतिशत बढ़कर 78350 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई हैं।
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। नवंबर, 2023 में सोने का आयात 3.44 अरब डॉलर रहा था। कुल मिलाकर चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर के दौरान आयात 49 प्रतिशत बढ़कर 49 अरब डॉलर हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 32.93 अरब डॉलर था।
मंत्रालय के अनुसार, लगभग 25 प्रतिशत औसत वार्षिक रिटर्न के साथ सोना 2024 (नवंबर तक) में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली संपत्तियों में से एक है। अधिक आयात एक सुरक्षित संपत्ति के रूप में कीमती धातु में निवेशकों के मजबूत भरोसे का संकेत देता है।
इसके अलावा वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण संपत्ति विविधीकरण के लिए सोने की खरीद, बैंकों की बढ़ती मांग और सीमा शुल्क में कटौती के चलते भी इस कीमती धातु की चमक बढ़ी है। राष्ट्रीय राजधानी में इस साल अब तक सोने की कीमतें 23 प्रतिशत बढ़कर 78,350 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई हैं।
बजट में सरकार ने सोने के आयात पर शुल्क को 15 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दिया था। भारत का सोना आयात 2023-24 में 30 प्रतिशत बढ़कर 45.54 अरब डॉलर हो गया था। स्विट्जरलैंड सोने के आयात का सबसे बड़ा स्रोत है, जिसकी हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है।
इसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (16 प्रतिशत से अधिक) और दक्षिण अफ्रीका (लगभग 10 प्रतिशत) का स्थान है। देश के कुल आयात में इस कीमती धातु का हिस्सा पांच प्रतिशत से अधिक है। सोने के आयात में उछाल ने देश के व्यापार घाटे (आयात और निर्यात के बीच का अंतर) को नवंबर में रिकॉर्ड 37.84 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचा दिया। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें