Publish Date: Thu, 10 Jan 2019 (15:29 IST)
Updated Date: Thu, 10 Jan 2019 (15:30 IST)
नई दिल्ली। विदेशी बाजारों में पीली धातु के सात माह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और घरेलू बाजार में जेवराती मांग बरकरार रहने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 270 रुपए चमककर पहली बार 33,000 रुपए के पार 33,070 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंचा।
इस दौरान सिक्का निर्माताओं के उठाव में आई तेजी और औद्योगिक ग्राहकी निकलने से चांदी भी 410 रुपए की तेज छलांग लगाकर सात माह के उच्चतम स्तर 40,510 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
पहली बार दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 33,000 रुपए के रिकॉर्ड स्तर के पार पहुंचा है। हालांकि ऑल इंडिया सर्राफा बाजार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एसके जैन ने बताया कि नोटबंदी के दौरान कालाबाजार में सोना 55 से 60 हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक बिका था। उन्होंने कहा कि दोनों कीमती धातुओं में रही तेजी के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रही बढ़ोतरी जिम्मेदार है।
विश्लेषकों के अनुसार दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के टूटने से विदेशी बाजारों में सोने की चमक बढ़ गई है। लंदन का सोना हाजिर 3.75 डॉलर की तेजी में 1,296.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। मार्च का अमेरिकी सोना वायदा भी 4.90 डॉलर की बढ़त के साथ 1,296.9 डॉलर प्रति औंस बोला गया। इस दौरान चांदी हाजिर 0.04 डॉलर की तेजी के साथ 15.77 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Thu, 10 Jan 2019 (15:29 IST)
Updated Date: Thu, 10 Jan 2019 (15:30 IST)