Publish Date: Wed, 23 Aug 2017 (16:30 IST)
Updated Date: Wed, 23 Aug 2017 (16:31 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु में रही तेजी के बावजूद घरेलू खुदरा जेवराती मांग सुस्त रहने से दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना लगातार दूसरे दिन गिरावट में रहता हुआ 100 रुपए फिसलकर 29,700 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। औद्योगिक ग्राहकी आने से चांदी 100 रुपए चमककर 40,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 2.12 डॉलर चढ़कर 1,285.95 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमेरिकी सोया वायदा भी 0.6 डॉलर की तेजी में 1,291.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया। चांदी हाजिर भी 0.08 डॉलर की बढ़त के साथ 17.01 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
विश्लेषकों का कहना है कि मैक्सिको से लगती सीमा पर दीवार बनाने को लेकर की गई अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी से दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर पड़ने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीली धातु की चमक बढ़ी है।
अमेरिकी प्रांत अरिजोना के फीनिक्स में एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा था कि अगर हमें सरकार का कामकाज भी करना पड़े तब भी दीवार बनेगी। निवेशकों की नजर अमेरिकी प्रांत व्योमिंग के जैक्सल होल में आगामी शुक्रवार को आयोजित होने वाले आर्थिक नीति सम्मेलन पर भी टिकी है। शुक्रवार को फेड अध्यक्ष जेनेट येलेन भी भाषण देने वाली हैं और उससे ब्याज दर बढ़ाए जाने के रुख का पता चलेगा। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Wed, 23 Aug 2017 (16:30 IST)
Updated Date: Wed, 23 Aug 2017 (16:31 IST)