Publish Date: Wed, 04 Aug 2021 (18:00 IST)
Updated Date: Wed, 04 Aug 2021 (18:01 IST)
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में आई तेजी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 123 रुपए की तेजी के साथ 46,992 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। सोने का पिछला बंद भाव 46,869 रुपए प्रति 10 ग्राम था।
चांदी की कीमत भी 766 रुपए के उछाल के साथ 66,926 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। इसका पिछला बंद भाव 66,160 रुपए था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) तपन पटेल के अनुसार कॉमोडिटी एक्सचेंज में सोने की कीमतों में सुधार के अनुरूप दिल्ली में 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत में 123 रुपये की तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना लाभ के साथ 1,815 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया जबकि चांदी 25.71 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही।