सोने में आई 350 रुपए की गिरावट, चांदी के भाव रहे अपरिवर्तित
हाजिर सोना 72,000 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा
Publish Date: Fri, 03 May 2024 (19:17 IST)
Updated Date: Fri, 03 May 2024 (19:25 IST)
Gold Silver prices: वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के अनुरूप राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार (Delhi Bullion Market) में शुक्रवार को सोना 350 रुपए की गिरावट के साथ 72,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि चांदी की कीमत 83,500 रुपए प्रति किलो पर अपरिवर्तित रही।
हाजिर सोना 72,000 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा : एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 72,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि विदेशों में नरमी के रुख के बीच दिल्ली में हाजिर सोना (24 कैरेट) 72,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 350 रुपए कम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (जिंस बाजार) में हाजिर सोना 2,297 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 7 डॉलर कम है।
चांदी मामूली बढ़त के साथ 26.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंची : गांधी ने कहा कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर में कटौती में अभी समय लगने की चिंता के कारण शुक्रवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई। ब्याज दर में कमी में देरी का कारण मुद्रास्फीति जोखिम का बरकरार रहना है।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा इजराइल और हमास के बीच संभावित युद्धविराम के बाद निवेश के लिए सुरक्षित पनाहगाह माने जाने वाली परिसंपत्ति में गिरावट जारी है। हालांकि चांदी मामूली बढ़त के साथ 26.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। पिछले सत्र में यह 26.45 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई थी।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज में कमोडिटी रिसर्च के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवनीत दमानी ने कहा कि आंकड़ों के मोर्चे पर अमेरिकी उपभोक्ता विश्वास उम्मीद से कम रहा जबकि अमेरिकी साप्ताहिक बेरोजगारी दावे और कारखाना ऑर्डर अधिक रहे। इससे सर्राफा कीमतों पर दबाव पड़ा।(भाषा)
Edited by: Ravindra Gupta
About Writer
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें