Publish Date: Tue, 17 Jul 2018 (21:28 IST)
Updated Date: Tue, 17 Jul 2018 (21:39 IST)
कोलंबो। महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करते हुए अपना पहला विकेट लिया है। श्रीलंका अंडर-19 टीम के खिलाफ पहले युवा टेस्ट के पहले दिन मंगलवार को अर्जुन एक विकेट लेकर सुर्खियों में आ गए हैं जबकि हर्ष त्यागी और आयुष बदौनी ने मैच में 4-4 विकेट झटके।
भावुक हो गए सचिन के मित्र विनोद कांबली : 18 साल के अर्जुन तेंदुलकर के विकेट लेने पर विनोद कांबली भावुक हो गए। अर्जुन तेंदुलकर के इस कारनामे पर सोशल मीडिया सचिन तेंदुलकर को लोग बधाई दे रहे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर और सचिन तेंदुलकर के करीबी दोस्त विनोद कांबली ने अर्जुन पर एक भावुक ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा कि 'जब मैं यह (अर्जुन को विकेट लेते हुए) देखा तो मेरी आंखों में आंसू आ गए, मैंने उसे बड़ा होते देखा है। मैंने देखा कि उसने खेल में कितनी मेहनत की है। तुम्हारे लिए मुझे बहुत खुशी हो रही है, अर्जुन। यह बस शुरुआत है। मेरी शुभकामनाएं है कि आने वाले वक्त में तुम और कामयाबियां हासिल करो। अपने पहले विकेट के लम्हे का आनंद उठाओ।'
कोलंबो के नॉन्डस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब मैदान पर खेले जा रहे पहले युवा टेस्ट में अर्जुन तेंदुलकर ने यह विकेट लिया। अंडर-19 क्रिकेट में पहला विकेट लेने के लिए अर्जुन को महज 12 गेंद लगी। अर्जुन ने श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा को पगबाधा आउट किया। भारतीय गेंदबाजी की शुरुआत अर्जुन तेंदुलकर ने ही की। उन्होंने 11 ओवर में 33 रन देकर एक विकेट लिया।
टीम इंडिया की अंडर-19 टीम 17 जुलाई से श्रीलंका के दौरे पर है। टीम इंडिया के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के बेटे भी इस सीरीज में टीम का हिस्सा हैं। ऐसे में प्रशंसकों की नजरें सबसे ज्यादा अर्जुन पर ही टिकी हुई हैं। अर्जुन तेंदुलकर ने पहला विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।
भारत ने श्रीलंका को 244 रन पर समेटा : इस युवा टेस्ट में भारत ने श्रीलंकाई टीम को 244 रन पर समेटने के बाद पहले दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट खोकर 92 रन बना लिए हैं। कप्तान अनुज रावत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 59 गेंदों पर 63 रन में आठ चौके और दो छक्के उड़ाए लेकिन वह दिन के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गए जिसके बाद दिन का खेल समाप्त हो गया।
अधर्व ताइदे 42 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 26 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत अभी श्रीलंका के स्कोर से 152 रन पीछे है। भारत और श्रीलंका अंडर-19 टीमों के बीच इस मुकाबले में सभी नजरें सचिन के बेटे अर्जुन पर टिकी हुई थीं कि वह इस मैच में कैसा प्रदर्शन करते हैं। बाएं हाथ के मध्यम तेज़ गेंदबाज़ अर्जुन ने अपने करियर की शुरूआत में पहला विकेट हासिल किया लेकिन इसके बाद उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली।
भारत के बाएं हाथ के स्पिनर दिल्ली के हर्ष त्यागी ने प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए 26 ओवर में 92 रन देकर चार विकेट अपने नाम किये। उन्होंने श्रीलंकाई टीम के शीर्ष क्रम के छह बल्लेबाजों में से चार को पैवेलियन भेजा।
आयुष बदौनी ने 9.3 ओवर में मात्र 24 रन देकर चार विकेट लिए और श्रीलंकाई पारी को 70.3 ओवर में 244 रन पर समेट दिया। मोहित जांगड़ा को एक विकेट हासिल हुआ। श्रीलंकाई टीम की ओर से पासिंदू सूरियाबंदारा ने सर्वाधिक 69 रन बनाए। कप्तान निपुन धनंजय, निशांत मदुष्का और एसटी मेंडिस ने 39-39 रन बनाए।