गत विजेता के धुरंधर बल्लेबाज इस बड़ौदा के स्पिन गेंदबाज के सामने हुए धराशायी
भार्गव भट्ट की शानदार गेंदबाजी, बड़ौदा ने गत चैंपियन मुंबई को हराया
Publish Date: Mon, 14 Oct 2024 (16:00 IST)
Updated Date: Mon, 14 Oct 2024 (16:23 IST)
BRAvsMUMबाएं हाथ के स्पिनर भार्गव भट्ट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट चटकाए जिससे बड़ौदा ने सोमवार को यहां रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मैच के अंतिम दिन गत चैंपियन मुंबई को 84 रन से हरा दिया।यह मैच उतार चढ़ाव वाला रहा लेकिन अंतिम दिन 34 वर्षीय भट्ट की तूती बोली। उन्होंने दूसरी पारी में 55 रन देकर छह विकेट लिए और मुंबई की बल्लेबाजी को तहस-नहस करके अपनी टीम को यादगार जीत दिलाई।
जीत के लिए 262 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 42 बार की चैंपियन मुंबई की टीम 48.2 ओवर में 177 रन पर आउट हो गई।मुंबई को अंतिम दिन जीत के लिए 220 रन की जरूरत थी जबकि उसके आठ विकेट बचे हुए थे। उसने सुबह दो विकेट पर 42 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई लेकिन शीर्ष स्कोरर सिद्धेश लाड (59) और श्रेयस अय्यर (30) को छोड़कर उसका कोई भी अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया।
मुंबई ने इस तरह से 38.5 ओवर में अपने बाकी बचे आठ विकेट गवा दिए। इस बीच उसकी टीम केवल 135 रन ही बना सकी।कप्तान अजिंक्य रहाणे (12) सोमवार को आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे। भट्ट ने उन्हें आउट करने के बाद कल के दूसरे अविजित बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (22) को भी पवेलियन भेजा। अय्यर और लाड के विकेट भी भट्ट ने हासिल किये।
बड़ौदा ने अपनी पहली पारी में 290 रन बनाए थे जिसके जवाब में मुंबई की टीम 214 रन बनाकर आउट हो गई थी। बड़ौदा ने दूसरी पारी में 185 रन बनाकर मुंबई के सामने मुश्किल लक्ष्य रखा था।उधर दिल्ली में सेना की टीम ने मेघालय को पारी और 65 रन से हराया। सेना की टीम ने 402 रन बनाए जिसके जवाब में मेघालय की टीम 233 और 104 रन ही बना सकी। (भाषा)
About Writer
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें