Publish Date: Mon, 03 Dec 2018 (17:44 IST)
Updated Date: Mon, 03 Dec 2018 (18:09 IST)
सिडनी। विंडीज क्रिकेटर क्रिस गेल को सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई अदालत से महिला उत्पीड़न के एक मानहानि मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी और कानूनी लड़ाई जीतने के साथ उन्हें 3 लाख डॉलर का मुआवजा भी मिला।
फेयरफैक्स मीडिया ने तूफानी बल्लेबाज गेल पर एक महिला के हवाले से उत्पीड़न का आरोप लगाया था। एक महिला मालिशिया ने आरोप लगाया था कि गेल ने वर्ष 2015 विश्व कप के दौरान सिडनी में उनके सामने अपने कपड़े उतार दिए थे। मीडिया में इसे लेकर कई लेख लिखे गए थे जिससे गेल ने इंकार किया था और फेयरफैक्स मीडिया पर मानहानि का मुकदमा दायर कर दिया था।
जमैका के ट्वंटी-20 विशेषज्ञ बल्लेबाज ने वर्ष 2016 में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। अक्टूबर 2017 में जूरी ने माना कि पत्रकार गेल के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सके। अपने फैसले में न्यू साउथवेल्स सर्वोच्च अदालत की लूसी मैककैलम ने माना कि गेल मीडिया में प्रकाशित लेखों से काफी आहत हुए हैं और इससे क्रिकेट जगत, प्रशंसकों, कोचों और अधिकारियों के बीच उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
हालांकि फेयरफैक्स मीडिया ने अदालत के इस फैसले का विरोध जताते हुए आगे अपील करने का फैसला किया है। (वार्ता)