Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

IPL नीलामी में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बने क्रिस मोरिस, 16.25 करोड़ में राजस्थान ने खरीदा

हमें फॉलो करें IPL नीलामी में अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बने क्रिस मोरिस, 16.25 करोड़ में राजस्थान ने खरीदा
, गुरुवार, 18 फ़रवरी 2021 (18:28 IST)
चेन्नई:दक्षिण अफ्रीका के आलराउंडर क्रिस मोरिस को राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार को आईपीएल नीलामी में जैसे ही 16.25 करोड़ रुपए की हैरतअंगेज कीमत पर खरीदा वैसे ही मोरिस आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। ऑस्ट्रेलिया के आलरांडर ग्लेन मैक्सवेल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 14.25 करोड़ रुपए और ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबजा जाय रिचर्डसन को पंजाब किंग्स ने 14 करोड़ रुपए में खरीदा।
 
मोरिस ने भारत के युवराज सिंह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) ने 2015 की नीलामी में 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। मोरिस इसके साथ ही आईपीएल के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुुर के कप्तान विराट कोहली को 17 करोड़ रुपए की कीमत मिलती है। राजस्थान टीम ने मोरिस को खरीदने के लिए उस समय होड़ में छलांग लगाई, जब उनकी कीमत 10.25 करोड़ रुपए पहुंच चुकी थी और मुंबई इंडियंस मोरिस को हथियाने के करीब पहुंच गई थी, लेकिन पंजाब ने फिर 13.50 करोड़ की बोली लगाई और बोली के 16 करोड़ पर पहुंचने के बाद पंजाब ने अपने हाथ खींच लिए। मोरिस का आधार मूल्य 75 लाख रुपए था। राजस्थान ने अपने 34.85 करोड़ रुपए के पर्स में से 16.25 करोड़ मोरिस को खरीदने पर खर्च कर दिए।
 
 
नीलामी में बेंगलुरु की टीम ने ऑस्ट्रेलियाई आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को 14.25 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन इसके तुरंत बाद ही राजस्थान रॉयल्स ने मोरिस को 16.25 करोड़ रुपए में खरीद लिया। 33 वर्ष के मोरिस 2015 के सत्र में राजस्थान टीम का हिस्सा रहे थे और तब उन्होंने 11 मैचाें में 311 रन बनाने के अलावा 13 विकेट लिए थे। उन्होंने 70 आईपीएल मैचों में 157.88 के स्ट्राइक रेट से 551 रन बनाए हैं और 7.81 के इकोनॉमी रेट से 80 विकेट भी लिए हैं। वह पिछले सत्र में बेंगलुरु टीम का हिस्सा थे, लेकिन पेट की चोट के कारण नौ मैच ही खेल पाए थे, जिनमें उन्होंने 11 विकेट लिए थे।
 
मोरिस की पिछले साल की कीमत 6.25 करोड़ रुपए थी, जिसमें इस बार 10 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है। मैक्सवेल का पिछला सत्र निराशाजनक रहा था और वह 13 मैचों में कुल 108 रन बना पाए थे और एक भी छक्का लगाने में नाकाम रहे थे। पंजाब टीम ने इस सत्र में मैक्सवेल को रिलीज कर दिया था और वह दो करोड़ रुपए के आधार मूल्य के साथ नीलामी में उतरे।
 
आईपीएल नीलामी में मैक्सवेल को भी मोटी कीमत हासिल हुई। बेंगलुरु ने मैक्सवेल को खरीदने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स से कड़ा मुकाबला किया और 14.25 करोड़ रुपए में उन्हें हासिल कर लिया। मैक्सवेल की यह कीमत उनके पिछले सत्र से लगभग चार करोड़ रुपए ज्यादा है। मैक्सवेल पिछले सत्र में पंजाब किंग्स से खेले थे और उस समय उन्हें 10.75 करोड़ रुपए मिले थे।
 
नीलामी में रिचर्डसन को पंजाब टीम ने 14 करोड़ रुपए की कीमत पर खरीदा और इसके साथ ही रिचर्डसन इस नीलामी के तीसरे महंगे खिलाड़ी बन गए। चेन्नई सुपर किंग्स ने इंग्लैंड के आफ स्पिन आलराउंडर मोईन को खरीदने में सफलता हासिल की और उन्हें सात करोड़ रुपए में खरीद लिया। मोईन का आधार मूल्य दो करोड़ रुपए था।
 
इस बीच भारतीय खिलाड़ियों में कृष्णप्पा गौतम ने एक नया इतिहास बना दिया। वह आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए। चेन्नई टीम ने गौतम पर 9.25 करोड़ रुपए की बोली लगाकर उन्हें खरीद लिया। वह इस नीलामी में अब तक सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। चेन्नई के पास नीलामी में 22.9 करोड़ रुपए का पर्स था, जिसमें से उसने 16.25 करोड़ रुपए मोईन और गौतम को खरीदने पर खर्च कर दिए।
 
 
नीलामी के पहले सत्र में बिकने वाले भारत के एकमात्र खिलाड़ी शिवम दुबे थे, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने 4.4 करोड़ रुपए में खरीदा, लेकिन इसके बाद पंजाब ने तमिलनाडु के आफ स्पिनर शाहरुख खान को 5.25 करोड़ रुपए में खरीद लिया। पंजाब ने ऑस्ट्रेलिया के युवा तेज गेंदबाज रिले मेरेदिथ को आठ करोड़ रुपए में खरीदा। 24 वर्षीय मेरेदिथ ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक पदार्पण नहीं किया है और अपने करियर में 34 टी-20 मैचों में 43 विकेट लिए हैं।
 
नीलामी में आश्चर्यजनक रूप से विश्व के नंबर एक टी-20 बल्लेबाज इंग्लैंड के डेविड मलान और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीवन स्मिथ को ज्यादा कीमत नहीं मिली। स्मिथ का आधार मूल्य दो करोड़ रुपए था, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 2.2 करोड़ में खरीदा। मलान को पंजाब किंग्स ने उनके 1.5 करोड़ रुपए के आधार मूल्य पर ही खरीद लिया। (वार्ता)
 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पुणे के 47 वर्षीय बल्लेबाज को पिच पर आया दिल का दौरा, मौत का वीडियो हुआ वायरल