Publish Date: Wed, 01 Apr 2026 (16:41 IST)
Updated Date: Wed, 01 Apr 2026 (16:55 IST)
ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है और उनको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुबंध से बाहर का रास्ता दिखा दिया। एकदिवसीय से संन्यास लेने वाले ग्लेन मैक्सवेल पिछले 2 T-20I विश्वकप में कुछ खास नहीं कर पाए हैं। इस कदम से आगामी टी-20 सीरीज में उनका चयन मुश्किल हो जाता है। मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग में भी उन्होंने खुद को पंजीकृत नहीं कराया था। इसका मतलब यह है कि उनके हाथ में अब सिर्फ बिग बैश ही बचा हुआ है।
IPL 2026 की नीलामी से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) ने मैक्सवेल को रिलीज़ कर दिया था। IPL 2025 में मैक्सवेल ने सात मैचों की छह पारियों में मात्र 48 रन बनाए थे, जिसमें 30 उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। इसके साथ ही 8.46 की इकॉनमी से रन ख़र्च करते हुए मैक्सवेल ने चार विकेट हासिल किए थे। हालांकि सीज़न के बीच में उन्हें फ़िंगर इंजरी हुई जिसके चलते उनकी जगह पर PBKS ने मिचेल ओवेन को दल में शामिल किया था।
भारत में होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय विश्वकप के लिए उनको सिर्फ 2 कारण से टीम में लिया गया था। भारतीय पिच पर उनकी ऑफस्पिन गेंदबाजी और उनके भारत में आए 2 टी-20 अंतरराष्ट्रीय शतक जो टीम इंडिया के खिलाफ आए थे। लेकिन टीम सुपर 8 में भी नहीं पहुंच पाई और श्रीलंका से ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गई। इसका एक बड़ा कारण मैक्सवेल बने।
जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम को उलटफेर का सामना करना पड़ा। ग्लेन मैक्सवेल टीम को जीत दिलाने में नाकामयाब साबित हुए। इसक बाद श्रीलंका के खिलाफ वह गेंद और बल्ले दोनों से फ्लाॉप रहे।ऐसे में अब ऑस्ट्रेलिया उनका एक विकल्प खोज रही है जो कूपर कोलोनी या फिर मैथ्यू शॉर्ट हो सकते हैं।
ऑस्ट्रेलिया की केंद्रीय अनुबंध सूची में शामिल खिलाड़ी इस प्रकार हैं:
जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर, एडम ज़म्पा।