Dharma Sangrah

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत की 900 वें वनडे में 'विराट' जीत

Advertiesment
हमें फॉलो करें India Newzealand match
धर्मशाला , रविवार, 16 अक्टूबर 2016 (19:40 IST)
धर्मशाला। पदार्पण मैच में 'मैन ऑफ द मैच' हार्दिक पांड्या (31 रन पर तीन विकेट) की जबरदस्त गेंदबाजी के बाद रन मशीन विराट कोहली की नाबाद 85 रन की बेहतरीन पारी के दम पर भारत ने अपने 900 वें वनडे में न्यूजीलैंड को रविवार को एकतरफा अंदाज में छह विकेट से रौंदकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।
भारत ने न्यूजीलैंड को 43.5 ओवर में 190 रन पर निपटा दिया और कोहली की विराट पारी के बलबूते 33.1 ओवर में चार विकेट पर 194 रन बनाकर न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के सिलसिले को कायम रखा। भारत ने न्यूजीलैंड को टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद पहले वनडे में भी धो दिया। 
          
विराट ने इंदौर में आखिरी टेस्ट में शानदार दोहरा शतक जड़ा था और भारतीय टेस्ट कप्तान ने इस सिलसिले को जारी रखते हुए पहले वनडे में 81 गेंदों में नाबाद 85 रन में नौ चौके और एक छक्का जड़ा। विराट ने मैच में विजयी छक्का मारा। विराट का यह 26 वां वनडे अर्धशतक था। अजिंक्य रहाणे ने 33 ,कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी ने 21 ,मनीष पांडे ने 17 और रोहित शर्मा ने 14 रन का योगदान दिया। केदार जाधव 10 रन पर नाबाद रहे।
  
भारत के लिए लक्ष्य मुश्किल नहीं था और रोहित तथा रहाणे ने पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 49 रन जोड़कर भारत को अच्छी शुरुआत दी। रोहित को डग ब्रेसवेल ने पगबाधा किया। रोहित ने 26 गेंदों पर 14 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया। रहाणे 34 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 33 रन बनाने के बाद 62 के स्कोर पर आउट हुए। 
            
सुपर बल्लेबाज विराट कोहली इसके बाद मैदान पर छा गए और उन्होंने उसके बाद एक छोर संभाल कर खेलते हुए भारत को 101 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। विराट ने मनीष पांडे के साथ तीसरे विकेट के लिए 40 रन और कप्तान धोनी के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। पांडे ने 22 गेंदों में 17 रन पर एक चौका लगाया। 
         
धोनी ने 24 गेंदों में 21 रन में एक चौका और एक छक्का लगाया लेकिन वह दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रनआउट हो गए। धोनी ने गेंद को पुश किया और विराट ने रन के लिए आवाज लगायी। फील्डर को तेजी से झपटते देख विराट ने धोनी को वापस भेजना चाहा लेकिन तब तक धोनी आधी क्रीज पहुंच चुके थे और आसानी से रनआउट हो गए। धोनी के इस तरह आउट होने पर विराट ने खुद पर नाराजगी भी जाहिर की। 
 
हालांकि भारत के लिए कोई परेशानी नहीं थी क्योंकि तब तक टीम का स्कोर 162 रन पहुंच चुका था । विराट ने केदार जाधव के साथ टीम को जीत की मंजिल पर पहुंचा दिया। विराट ने लेग स्पिनर ईश सोढ़ी की गेंद पर सीधे जोरदार छक्का मारकर मैच समाप्त कर दिया।  
 
इससे पहले पदार्पण मुकाबला खेल रहे हार्दिक पांड्या (31 रन पर तीन विकेट) की जबरदस्त गेंदबाजी से भारत ने न्यूजीलैंड को 190 रन पर समेट दिया। न्यूजीलैंड ने एक समय अपने सात विकेट मात्र 65 रन तक गंवा दिए थे लेकिन ओपनर टॉम लाथम ने नाबाद 79 और 10वें नंबर के बल्लेबाज टिम साउदी ने 55 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 190 के लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचा दिया। लाथम और साउदी ने नौवें विकेट के लिए 71 रन की बेशकीमती साझेदारी की।
               
अपना पदार्पण वनडे खेल रहे पांड्या ने सात ओवर की बेहतरीन गेंदबाजी में 31 रन पर तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। उमेश यादव ने 31 रन पर दो विकेट लिए जबकि पार्ट टाइम स्पिनर केदार जाधव ने छह रन पर दो विकेट हासिल किए। लेग स्पिनर अमित मिश्रा ने 49 रन देकर आखिरी तीन कीवी बल्लेबाजों को निपटाया।
                 
महेंद्र सिंह धोनी ने 900वें वनडे मुकाबले में विशेष रूप से तैयार सोने के सिक्के से टॉस जीतने के बाद पहले क्षेत्ररक्षण का सही निर्णय किया। टेस्ट सीरीज में 0-3 का व्हाइटवॉश झेल चुकी मेहमान कीवी टीम के बल्लेबाजों ने पहले वनडे मुकाबले में भी कोई संघर्ष क्षमता नहीं दिखाई और 43.5 ओवर में सभी विकेट गंवा दिए।
       
एक छोर पर गिरते विकेटों के बीच लाथम अकेले ही क्रीज पर आखिरी समय तक डटे रहे और उन्होंने 98 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 79 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। लाथम इस तरह पारी की शुरूआत कर नाबाद पवेलियन लौटने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बने। लाथम ने नौंवें विकेट के लिए साउदी के साथ 71 रन जोड़े। साउदी ने 45 गेंदों पर तेज तर्रार 55 रन में छह चौके और तीन छक्के लगाए।  
 
न्यूजीलैंड की टीम शुरुआती ओवर से ही दबाव में दिखी और केवल 48 रन जोड़कर उसकी आधी टीम पैवेलियन लौट गयी। पहाड़ों से घिरे बेहद खूबसूरत धर्मशाला क्रिकेट ग्राउंड पर अपने पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए उतरे 23 वर्षीय मध्यम तेज गेंदबाज पांड्या ने शुरुआत से ही आक्रामकता के साथ गेंदबाजी की और कीवी ओपनर मार्टिन गुप्तिल को महज 12 रन पर रोहित शर्मा के हाथों आसान कैच कराकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किया।
                
इसके कुछ देर बाद कप्तान केन विलियम्सन नौ गेंदों में तीन रन बनाकर उमेश यादव का शिकार बने। उमेश ने केन को अमित मिश्रा के हाथों कैच कराकर न्यूजीलैंड को दूसरा झटका दिया। इसके बाद रॉस टेलर एक गेंद ही खेल सके थे कि उन्हें उमेश ने शून्य पर धोनी के हाथों कैच कराया। कोरी एंडरसन चार रन बनाकर पांड्या का दूसरा शिकार बने। ल्यूक रोंची को भी पांड्या ने खाता खोलने का मौका नहीं दिया और उमेश के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट लिया।
        
जेम्स नीशम ने 25 गेंदों में एक चौका लगाया और 10 रन जोड़े। उन्हें जाधव ने अपनी गेंद पर कैच कर कीवी टीम का छठा विकेट निकाला। कीवी टीम ने 65 के स्कोर पर नीशाम के बाद मिशेल सेंटनर का विकेट भी गंवाया जो खाता खोले बिना जाधव की अगली ही गेंद पर धोनी के हाथों लपके गए। न्यूजीलैंड 65 रन पर अपने सात विकेट गंवाकर बहुत मुश्किल स्थिति में पहुंच गयी थी।
              
न्यूजीलैंड ने अपना आठवां विकेट डग ब्रेसवेल (15) के रूप में सस्ते में गंवाया। ब्रेसवेल ने 46 गेंदों में कोई चौका या छक्का नहीं लगाया और मैदान पर टिकने का प्रयास करते दिखे। न्यूजीलैंड का तब स्कोर 106 रन था। हालांकि उमेश यादव को टिम साउदी का कैच छोड़ने की आखिरी में भरपूर सजा मिली, जिन्होंने जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए अर्धशतक जमा दिया। लेग स्पिनर मिश्रा ने साउदी को 42वें ओवर में और ईश सोधी को 44वें ओवर में आउट कर न्यूजीलैंड की पारी समेट दी। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

सौरभ वर्मा बने चीनी ताइपे ग्रां प्री चैंपियन