Publish Date: Sat, 05 Oct 2019 (11:53 IST)
Updated Date: Sat, 05 Oct 2019 (13:25 IST)
विशाखापट्टनम। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच विशाखापट्टनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन शनिवार को दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 431 रनों पर सिमट गई। भारत को पहली पारी के आधार पर 71 रनों की बढ़त मिली।
भारत ने मयंक अग्रवाल के दोहरे शतक और रोहित शर्मा के शतक की मदद से पहली पारी में 502 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम पहली पारी में 431 रनों पर सिमट गई। अफ्रीका की पारी का आकर्षण डीन एल्गर और क्विंटन डी कॉक के शानदार शतक रहे। कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने भी अर्धशतक जड़ा।
दक्षिण अफ्रीका ने आज 8 विकेट पर 385 रनों से आगे खेलना शुरू किया और उसके दोनों बल्लेबाज कल के स्कोर में मात्र 46 रन जोड़कर पैवेलियन लौट गए। भारत के लिए ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने पहली पारी में सर्वाधिक 7 विकेट अपने नाम किए। रविंद्र जडेजा को 2 और ईशांत शर्मा को 1 विकेट मिला।