Publish Date: Sat, 19 Oct 2019 (15:05 IST)
Updated Date: Sat, 19 Oct 2019 (15:08 IST)
रांची। दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट में शनिवार को यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहले दिन चाय तक रोहित शर्मा के शानदार शतक की मदद से 3 विकेट के नुकसान पर 205 रन बना लिए।
रोहित शर्मा ने इस सीरीज में अपना तीसरा शतक जड़ा। वे 108 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं और उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे (74) के साथ अब तक चौथे विकेट की साझेदारी में 166 रन जोड़ चुके हैं। दोनों ने भारत को शुरुआती झटकों से उबारकर मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
रोहित शर्मा ने विशाखापत्तनम में हुई सीरीज के पहले मैच की दोनों पारियों में शतक जमाया था। पहले दिन के दूसरे सत्र में भारत ने कोई विकेट नहीं गंवाया।
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहले सत्र में सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल (10), चेतेश्वर पुजारा (0) और कप्तान विराट कोहली (12) के रूप में अपने 3 महत्वपूर्ण विकेट खो दिए।