Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

एमएस धोनी ने तोड़े दो बडे रिकॉर्ड, दो दिग्गजों को पीछे छोड़ा

हमें फॉलो करें एमएस धोनी ने तोड़े दो बडे रिकॉर्ड, दो दिग्गजों को पीछे छोड़ा
एंटीगा , शनिवार, 1 जुलाई 2017 (17:21 IST)
एंटीगा। भारत के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्रसिंह धोनी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे वनडे में अपनी नाबाद 78 रन की मैच विजयी पारी से पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट के दो रिकॉर्ड तोड़ डाले और साथ ही पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहररुद्दीन को भी पीछे छोड़ दिया।
 
धोनी (35) अब एकदिवसीय क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी के नाम 294 वनडे की 254 पारियों में 9442 रन दर्ज हो गए हैं। धोनी ने अपनी पारी के दौरान गिलक्रिस्ट के 9410 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। वनडे क्रिकेट में विकेटकीपर के रूप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम है जिन्होंने 404 वनडे में 13441 रन बनाए हैं। 
 
धोनी अपने 78 रन के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50 से अधिक के स्कोर बनाने वाले दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी के नाम फिफ्टी प्लस के अब कुल 113 स्कोर हो गए हैं। 
 
उन्होंने गिलक्रिस्ट के 112 के फिफ्टी प्लस  के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा फिफ्टी प्लस के स्कोर श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम है। संगकारा के नाम 140 फिफ्टी प्लस का रिकॉर्ड दर्ज है।
 
धोनी वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 14वें और भारत में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। धोनी ने अब तक 294 वनडे की 254 पारियों में 51.31 के औसत से 9442 रन बनाए हैं जिसमें 10 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं।
 
उन्होंने पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ दिया है, जिनके नाम 9378 रन हैं। भारत में धोनी से आगे सचिन तेंदुलकर, सौरभ गांगुली और  राहुल द्रविड़ हैं। धोनी टीम इंडिया की ओर से 10 हजार रन पूरे करने वाले चौथे बल्लेबाज बनने की तरफ अग्रसर हो चले हैं। धोनी इसके अलावा वेस्टइंडीज में वनडे में सबसे ज्यादा तीन मैन ऑफ द मैच जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

किदांबी श्रीकांत की नजर विश्व चैंपियनशिप में पदक पर